बेमेतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 जून। किसान मेला सह संगोष्ठी का आयोजन बेमेतरा के टाउन हॉल कंतेली में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक दीपेश साहू एवं विधायक साजा ईश्वर साहू ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उप-संचालक कृषि मोरध्वज ने कहा कि विकसित कृषि संकल्प अभियान का उद्देश्य किसानों को नई तकनीक से जोडऩा एवं उनकी आय को दोगुना करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले में धान, चना एवं दलहन की फसलें प्रमुखता से ली जा रही हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले के किसानों ने पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अधिक रकबे में खेती की है।
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि किसान मेला सह संगोष्ठी जैसे आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की किसानों के प्रति संवेदनशील सोच का परिणाम हैं।
उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और उनकी उन्नति के बिना भारत का विकास संभव नहीं है। श्री साहू ने किसानों से अपील की कि वे अपनी खेती में आधुनिक तकनीकों का उपयोग करें और वैज्ञानिक तरीकों से फसल उत्पादन बढ़ाएं। विधायक साजा ईश्वर साहू ने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन से अपनी खेती में सुधार करना चाहिए। कम पानी की फसलों को अपनाकर वे जल संकट से निपटने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर अतिथियों ने किसानों को हस्त चलित स्प्रे, बीज किट आदि का वितरण किया। लोक कलाकारों द्वारा जल संकट और कम पानी की फसल लेने रोचक ढंग से संगीत नृत्य के जरिए किसानों को समझाया। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक प्रवेश वर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के तोषण कुमार ठाकुर और डॉ . हेमलता निराला जोशी ने किसानों की खेती किसानी की समस्याओं का समाधान किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बेमेतरा हेमा दिवाकर, जितेंद्र साहू साजा, खोरबहरा राम साहू नवागढ़ सहित कई जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में किसान एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।