बेमेतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 31 मई। सॉफ्टबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 29 मई से 2 जून तक चंडीगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ की टीम का चयन विगत दिनों सेक्टर 02 दशहरा मैदान भिलाई में किया गया। जिसमें राज्य के 12 जिलों के खिलाडिय़ों ने चयन के लिए भाग लिया।
इस चयन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बेमेतरा जिले के जेवरा से भोली साहू, पल्लवी साहू, रेशमा साहू व सुष्मिता जोगी का चयन बालिका वर्ग में हुआ, वहीं बालक वर्ग में देव पाटिल और मयंक निषाद चयनित हुए।
बेमेतरा जिला सॉफ्टबॉल संघ के सचिव एवं व्यायाम शिक्षक मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि जेवरा स्कूल में अध्ययनरत इन सभी खिलाडिय़ों का इस वर्ष स्कूल नेशनल में भी चयन हुआ था, जहां इन्होंने पदकीय प्रदर्शन किया था। पूर्व के वर्षों में भोली, पल्लवी, रेशमा का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हो चुका है।
इन सभी खिलाडिय़ों को चंडीगढ़ रवाना होने एवं प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी केके बंजारे, प्राचार्य सोमेश्वर देवांगन, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महेन्द्र पाटिल, प्रधान पाठक विनोद चौहान, उदय भास्कर सिंग, प्रबल सिंग ठाकुर, नीता साहू, पुष्कर भोंसले, रश्मि अग्रवाल,दीप शिखा ने सराहा।