बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा,14 अप्रैल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह के द्वारा नवीन कानून भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 को अपनाने के विषय पर पुलिस कार्यालय के सभा कक्ष में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय नवीन कानून संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में तीन नए कानूनों के विषय को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए ध्यान देकर, समझने की बात उपस्थित सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों से कही गई। साथ ही समस्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को नए कानून के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कार्यशाला का अधिक से अधिक लाभ उठाने कहा गया।
आमजनता को न्याय दिलाकर राहत प्रदान करना है उद्देश्य
उन्होंने अधिकारी एवं कर्मचारियों को कहा कि नए क़ानून का उद्देश्य आमजनता को त्वरित रूप से न्याय दिलाकर राहत प्रदान करना है। प्रकरणों के निराकरण के लिए नये कानूनों में समय का निर्धारण किया गया है।
पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रावधान किए गए हैं। विशेषकर अपराधिक मामलों में तलाशी एवं जब्ती के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से करने और समाज को व्यवस्थित रखने के लिए कानून बहुत जरूरी होता है, नहीं तो समाज में अपराध बढ़ जाएगा।
विवेचना संबंधी पहलुओं की दी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यशाला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न कानूनी और विवेचना संबंधी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई, जिससे वे अपने अन्वेषण कार्यों को अधिक कुशलता और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार अंजाम दे सकें। कार्यशाला के माध्यम से अधिकारी एवं कर्मचारियों को न केवल कानूनी प्रक्रिया और प्रावधानों की गहरी समझ प्राप्त करने में सक्षम हुए, बल्कि वास्तविक जीवन के परिदृश्यों में इन प्रावधानों को कैसे लागू किया जाए, इसका भी अभ्यास किया। इस प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अन्वेषण के क्षेत्र में कुशल और सक्षम बनाया गया है।
पूरे मनोयोग से धाराओं को अच्छी तरह पढ़ें
उन्होने पूरे मनोयोग से अपने कर्तव्यों पालन करने धारा को अच्छी तरह से पढऩे, प्रथम सूचना पत्र दर्ज करते समय अच्छे से पढऩे एवं घटना स्थल का नजरी नक्शा तैयार करने, फोटो व विडियोग्राफी करने व साक्ष्यों की सूची तैयार करने इत्यादि की जानकारी दी। उन्होंने अपना कार्य पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं टीम भावना के साथ करने कहा। आमजन से सदभावना पूर्वक व्यवहार को जरूरी बताया।


