बेमेतरा

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, शिक्षिका का सम्मान, श्रीराम रसोई का एक वर्ष पूर्ण
27-Feb-2025 3:09 PM
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य,  शिक्षिका का सम्मान, श्रीराम रसोई का एक वर्ष पूर्ण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
बेमेतरा, 27 फरवरी।
श्रीराम सेवा समिति द्वारा संचालित श्रीराम रसोई के एक वर्ष पूर्ण होने एवं महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में श्रीराम मंदिर प्रांगण में सम्मान समारोह व भजन संध्या का आयोजन किया गया। श्रीराम सेवा समिति बेमेतरा द्वारा 1 वर्ष पूर्व शुरू की गई श्रीराम रसोई जहाँ अमीर और गरीब में कोई भेदभाव नहीं किया जाता। बेमेतरा नगर के और आसपास के हर जरूरतमंद व्यक्तियों को भरपेट भोजन प्राप्त होता है। इसमें भोजन की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। 

भोजन पकने के बाद सर्वप्रथम भगवान श्रीरामचंद्र जी को भोग लगाया जाता है। भोग लगने के बाद फिर यह भोजन प्रसाद बन जाता है। वही भोजन प्रसाद लोगों में बाँटा जाता है। आज से ठीक 1 वर्ष पहले 100 व्यक्तियों को भोजन खिलाने से शुरू हुआ यह श्रीराम रसोई में अब तक एक वर्ष पूर्ण होने तक एक लाख पाँच हजार व्यक्ति भोजन कर चुके है।

इस सम्मान समारोह एवं भजन संध्या कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवकुमार पाठक श्रीमंदिर के पुजारी, अरविन्द मिश्रा जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग, डॉ. अवधेश पटेल समाधान कॉलेज के डायरेक्टर, बृजमोहन शर्मा, रामप्रताप मिश्र उपस्थित रहे।इस सम्मान समारोह कार्यक्रम में  शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए शासकीय प्राथमिक शाला अकोला के प्रधान पाठिका हिम कल्याणी सिन्हा को सम्मानित किया गया। 

प्रधान पाठिका हिम कल्याणी सिन्हा शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित होकर कार्य कर रही है। कोरोना काल में शिक्षा ही नहीं अपितु समाज के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट कार्य की है। 75 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग होते हुए भी अपने पूरे दायित्व व जिम्मेदारी को बखूबी निभाती है। नवाचारी शिक्षिका के रूप में पूरे जिले में पहचान बना चुकी हिम कल्याणी को 2024 में शासन ने उनके उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया है। 

सम्मान समारोह के साथ ही भजन संध्या का आयोजन हुआ। जिसमें  भजन गायक पलाश शर्मा के द्वारा भजन की प्रस्तुति दी गयी। सभी श्री रामरसोई में भोजन प्रसाद ग्रहण कर भजन का आनंद लिए।


अन्य पोस्ट