बेमेतरा

36 स्थानों पर वाई-फाई, 6 वाटर एटीएम लगाए जाएंगे
06-Feb-2025 5:05 PM
36 स्थानों पर वाई-फाई, 6 वाटर एटीएम लगाए जाएंगे

भाजपा का अटल विश्वास पत्र विधायक ने किया जारी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 बेमेतरा, 6 फरवरी।
विधायक दीपेश साहू ने भाजपा का घोषणा पत्र अटल विश्वास पत्र को जारी किया। साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव के नेतृत्व में भाजपा का घोषणा पत्र अटल विश्वास पत्र को रायपुर में जारी किया गया है। उसी को यहां पर जारी किया गया है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीते 5 साल में कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार कमीशनखोरी का बोलबाला रहा। कांग्रेस ने 5 साल पहले जो वादा किया था, उसे भी पूरा नहीं किया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा किए गए वादे को पूरा करने की बात कही। विधायक ने कहा कि 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना में शामिल करने हर महिला को एक-एक हजार रुपए महीने देने रामलला का नि:शुल्क दर्शन कराने योजना सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि अटल विश्वास पत्र नगरीय निकाय क्षेत्र के भविष्य को तय करने का संकल्प है। आने वाले समय में नगरीय निकाय क्षेत्र के विकास के लिए भाजपा जो काम करने वाली है। वह अटल विश्वास पत्र के रूप में हमारे सामने है। इसे बीस बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई है, से गरीबों को भूमि स्वामित्व का अधिकार मिलेगा। नजूल भूमि के स्वामित्व के लिए नया कानून बनाएंगे। हम सभी पट्टा धारकों को भू-स्वामी बनाएंगे। रुके हुए पीएम आवास-शहरी परियोजनाओं और वर्तमान में स्वीकृत हुए 3 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना घरों को तेजी से पूरा करेंगे। महिलाओं के नाम पर दर्ज संपत्तियों पर प्रॉपर्टी कर में 25 फीसदी की विशेष छूट प्रदान करेंगे।

36 स्थानों में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा शुरू करेंगे
36 स्थानों में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा सुनिश्चित करेंगे। स्ट्रीट वेंडर्स के सहयोग के लिए पीएम स्वनिधि के माध्यम से 30 हजार की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे। इसके साथ ही, हम स्मार्ट वेंडिंग ज़ोन, फूड स्ट्रीट्स की स्थापना करेंगे और एक समुचित नीति बनाएंगे, जिससे सडक़ व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। समाधान योजना के माध्यम से हम बिना जुर्माना या ब्याज लगाए पुराने संपत्ति कर के लिए एकमुश्त निपटान प्रदान करेंगे।

शहर में 6 स्थानों पर वाटर एटीएम की स्थापना 
6 स्थानों पर वाटर एटीएम सहित हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए नल से जल की व्यवस्था को बेहतर करेंगे। नए जल टैंक बनाएंगे। इसके पहले पूर्व पार्षद नीलू राजपूत ने सभी लोगों का परिचय दिया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा, हर्षवर्धन तिवारी, शहर मंडल अध्यक्ष मोंटी साहू, प्रदेश महिला मोर्चा की सदस्य निशा चौबे मौजूद रहीं।
 


अन्य पोस्ट