बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 फरवरी। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नगरीय निकाय चुनाव 2025 जन घोषणा पत्र का विमोचन जिला मुख्यालय में किया गया, जिसमें रविंद्र चौबे, गुरुदयाल सिंह बंजारे, आशीष छाबड़ा पूर्व विधायक व कार्यवाहक जिला अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी उपस्थित थे।
चौबे ने कहा कि कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव के जन घोषणा पत्र के 37 बिंदुओं पर कहा कि तालाबों का संरक्षण व सौंदर्यीकरण पर विशेष पहल होगी।
महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस कंट्रोल रूम के साथ समन्वय कर सभी चौक चौराहों, स्कूल व कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरा लगेंगे। ई-रिक्शा के पार्किंग व चार्जिंग की व्यवस्था होगी। अनियमित कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा। श्रद्धांजलि योजना की राशि 5000 रुपए की जाएगी। सभी निकायों में ऑनलाइन अनुज्ञा प्रदान किया जाएगा। शहरों को धूल मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। संपत्ति कर के नियमित भुगतान करने पर विशेष छूट दी जाएगी। सभी वार्ड में सब्जी बाजार बनेगा। निकाय को आवारा मवेशियों से मुक्ति दिलाई जाएगी।
विष्णु का शासन बनी मोदी की गारंटी, अब अटल विश्वास पत्र -चौबे
चौबे ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में दाढ़ी, भिभौरी व कुसमी को नगर पंचायत का दर्जा दिया गया। सरकार की हालत ये है कि जो पहले विष्णु का सुशासन हुआ करता था बाद में मोदी की गारंटी बनी। अब अटल विश्वास बन गया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है। नशाखोरी का अड्डा बन गया है।
सरकार ने फंड नहीं दिया इसलिए कई काम अब तक बाधित
कार्यवाहक जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने कहा कि नगर में बीते 5 साल के दौरान जितने कार्य हुए हैं।
सभी बेहतर हुए हैं। नगर का सौंदर्यीकरण व चौराहे में मूर्ति की स्थापना को सरकार ने आने के बाद फंड जारी नहीं किया और वह काम अधूरा पड़ा हुआ है। पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे ने भी अपने विचार रखते हुए भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। इस दौरान महामंत्री ललित विश्वकर्मा एवं नवीन ताम्रकार के साथ ही अन्य कांग्रेसी भी मौजूद थे।


