बेमेतरा
कांग्रेस के सुमनदास व निर्दलीय पीजी की कर चुके हैं पढ़ाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 फरवरी। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत विजय सिन्हा, कांग्रेस के सुमनदास गोस्वामी, निर्दलीय घनश्याम देवागंन और प्रकाशनारायण साहू मैदान में हैं। चारों अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन के साथ शिक्षा, संपत्ति व अन्य विवरण के साथ शपथ पत्र में अपनी जानकारी रिटर्निंग अधिकारी के सामक्ष प्रस्तुत की है। प्रस्तुत जानकारी में सबसे अधिक संपत्ति विजय सिन्हा के पास है। वहीं कांग्रेस के सुमन गोस्वामी व निर्दलीय पीजी कर चुके हैं।
जानकारी हो कि नामांकन के साथ ही अभ्यर्थियों ने अपराध, शिक्षा, संपत्ति, लेनदारी-देनदारी समेत विभिन्न जानकारी प्रस्तुत की है, जिसमें भाजपा प्रत्याशी विजय सिन्हा सबसे अधिक संपत्ति वाले हैं। उनके पास 12 करोड़ कीमत की दो भूखंड है। उनके व उनके पत्नी के पास कुल 1 लाख 40 हजार नकद, सिन्हा दंपती के पास 14 लाख 60 हजार कीमत का सोना, डेढ़ किलो चांदी और एक कार है। ग्राम सनकपाट में 30 लाख का खेत है। न्यायिक मजिस्टेट के न्यायालय में जमानत पर हैं। प्रकरण में पेशी चल रही है। सिन्हा प्राथमिक स्तर तक पढ़े हैं।
कांग्रेस के सुमनदास गोस्वामी के पास 5 लाख नकद व उनकी पत्नी के पास 10 हजार नकद हैं। वहीं उनकी पत्नी के खाते में 6 लाख 17 हजार रुपए हैं। सुमन के खाते में 4306 रुपए हैं। दंपती के पास एक स्कूटर और एक बाइक है। पत्नी गोस्वामी के पास 20 ग्राम सोना व 250 ग्राम चांदी है। सुमनदास के नाम पर भोइनाभाठा में व उनकी पत्नी के नाम पर सिधौरी में भूखंड है। दोनों का बाजार मूल्य 8 लाख 14 हजार रुपए है। गोस्वामी ने 2005 में पीजी कॉलेज बेमेतरा से लोक प्रशासन में एमए किया है। निर्दलीय प्रत्याशी प्रकाश नारायण साहू के पास 50 हजार नगद, बैंक में 50 हजार रुपए जमा हैं। साहू के पास परिवार का संयुक्त भूंखड है, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपए है। वहीं 20 लाख कीमत का एक प्लॉट है। साहू ने 2003 में पीजी कॉलेज बेमेतरा से एमकॉम उत्तीर्ण किया है। निर्दलीय दावेदार घनश्याम साहू के पास 15 लाख कीमत का प्लॉट, देवांगन दंपती के पास 7 तोला सोना और 20 हजार रुपए बैंक में जमा हैं। वहीं 1 लाख 70 हजार रुपए नकद हैं। एक कार के मालिक है। देवांगन ने 2022 में बीए प्रीवियस की पढ़ाई की है।
21 वार्डों के 27109 मतदाता चुनेंगे अपना अध्यक्ष
नपा के लिए 11 फरवरी को सभी 21 वार्ड में 27109 मतदाता बटन दबाकर चुुनाव करेंगे। इनमें 13900 महिला एवं 13209 पुरूष हैं। वार्ड में 924, वार्ड 2 1537, वार्ड 3 1625, वार्ड 4 में 593, वार्ड 5 में 1480, वाड 6 में 1480, वार्ड 7 में 1717, वार्ड 8 में 1330, वार्ड 9 में 1555, वार्ड 10 में 1139, वार्ड 11 में 1672, वार्ड 12 में 1077, वार्ड 13 में 1003, वार्ड 14 में 951, वार्ड 15 में 1449, वार्ड 16 में 1082, वार्ड 17 में 1434, वार्ड 18 में 1249, 19 में 1144, वार्ड 20 में 1121 व वार्ड 21 में 1840 वोटर्स हैं।
इस बार हो रहा है प्रत्यक्ष चुनाव
इस बार नगर पालिका अध्यक्ष के लिए प्रत्यक्ष चुनाव हो रहा है। इस सत्र से पूर्व सत्र में पार्षदों के द्वारा अध्यक्ष का चुनाव मतदान से किया गया था। आने वाली 11 फरवरी को ईवीएम से होने वाले मतदान में पहले अध्यक्ष पद के लिए बटन दबाकर अध्यक्ष पद का चुनाव करेंगे। जिले के 10 नगरीय निकायों में अध्यक्ष व पार्षद के लिए मतदान होना है, जिसमें नगर पालिका बेमेतरा, नगर पालिका समेत अन्य 10 निकायों में ईवीएम से मतदान किया जाना है। वोटिंग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।


