बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 जनवरी। जिले के सभी नगरीय निकायों के लिए राजधानी में अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की प्रक्रिया में बेमेतरा नगर पालिका के अध्यक्ष का पद ओबीसी मुक्त के लिए आरक्ष्ति किया गया। अन्य 10 निकायों के लिए भी आरक्षण प्रक्रिया देर शाम तक पूरी की गई। जानकारी हो कि आगामी स्थानीय निकाय निर्वाचन के लिए प्रक्रिया के तहत पूर्व में निकायों के 156 पार्षद पदों के लिए आरक्षण की कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद बेमेतरा नगर पालिका समेत अन्य निकायों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार राजधानी में आयोजित कार्यक्रम मेें अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए आरक्षण कार्रवाई के दौरान अध्यक्ष पद के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 13 निकायों का पद आरक्षित किया गया, जिसमे बेमेतरा नगर पालिका का अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। इससे पूर्व 2019 के दौरान बेमेतरा नगर पालिका का अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित हुआ था।
नवागढ़ नपं अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए हुआ आरक्षित
जिले के 10 नगर पंचायत के लिए आरक्षण की प्रक्रिया हुई, जिसमें नवागढ़ नगर पंचायत का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित हुआ है। नगर पंचायत बेरला व मारो का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुआ है। इसी तरह बचत 7 निकायों में से अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए साजा नगर पंचायत, दाढ़ी नगर पंचायत ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किया गया। थानखहरिया के लिए अध्यक्ष पद महिला समान्य के लिए आरक्षित हुआ है। नगर पंचायत देवकर, भिभौरी, परपोड़ी, कुसमी में सामान्य वर्ग के लिए दावेदार भाग्य अजमा सकते हैं।
इस बार बेमेतरा नगर पालिका की बदलेगी तस्वीर
नगर पालिका अध्यक्ष का निर्वाचन मतदान से होना है। इससे पूर्व 2019 के दौरान अध्यक्ष का निर्वाचन अप्रत्यक्ष निर्वाचन यानी पार्षदों ने किया था। जिले के सबसे बड़े निकाय में पूर्व में पद महिला के लिए आरक्षित था। वहीं इस बार ओबीसी मुक्त हुआ है। 2019 से पूर्व बेमेतरा नगर पालिका पद सामान्य हुआ था। 10 साल बाद फिर एक बार पुरूष व महिलाओं को इस निकाय के अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी करने का अवसर मिलेगा।
26 हजार मतदाताओं को साधने की चुनौती
जिले के सबसे बड़े बेमेतरा नगर पालिका में 21 वार्ड हैं, जिसमें 12928 पुरूष व 13607 महिला मतदाता समेत 26535 मतदाता हैं। अध्यक्ष के सामने इस निकाय में 26 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचने और अपने पक्ष में इसमें से अधिक से अधिक लोगों को साधने की चुनौती होगी। बेरला में 2338 पुरूष व 2505 महिला समेत 4843 मतदाता हैं। साजा में 2339 पुरूष व 2482 महिला सहित 4821 मतदाता, थानखहरिया में 3790 पुरूष व 4050 महिला मिलाकर 7840 मतदाता हैं। देवकर में 5374 मतदाता हैं जिनमें 2618 पुरूष व 2756 महिला मतदाता हैं। परपोड़ी में 1574 पुरूष व 1654 महिला मतदाता समेत 3228 मतदाता हैं। नवागढ़ नगर पंचायत में 9411 मतदाता हैं, जिनमें 4617 पुरूष व 4794 महिला मतदाता हैं। दाढ़ी नगर पंचायत में 4129 मतदाता हैं, जिनमें 2054 पुरूष व 2075 महिलाएं हैं। इसी तरह भिभौैरी मं 1718 पुरूष व 1801 महिला मतदाता समेत 3519, कुसमी नगर पंचायत में 1942 पुरूष व 2018 महिला मतदाता मिलाकर 3960 मतदाता हैं। जिले के 10 निकाय में 35918 पुरूष व 37742 महिला मतदाता समेत 73660 मतदाता हैं।


