बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 3 जनवरी। जिला मुख्यालय के सहकारी बैंक में धान बेचने के बाद रकम निकालने के लिए बैंक पहुंचने वाले किसानों को चार से पांच घंटे तक बैक में बैठना पड़ रहा है। बैंक में निकासी के लिए पहुंचे किसानों को लिंक फेल होने की वजह से परेशान होना पड़ रहा है। बताना होगा कि धान बेचने के बाद रकम मिलने की उम्मीद लगाकर सहकारी बैंक के शाखा में पहुंचने वाले किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम नवागांव, बिलाई, सिरवाबांधा, बेमेतरा व अन्य गांव के दर्जनों किसान रोजाना पहुंचते हैं।
रोज बैंक के सामने भीड़ लगती है। करीब 4 से 6 घंटा बैठने के बाद नसीब वालों को ही रकम मिल पा रहा है। ग्राम चारभाठा निवासी किसन चंदेल, रामदास भारती, गांगपुर निवासी एके यादव, भारत साहू, सेमरिया निवासी आसराम व अन्य किसानों ने बताया कि दो दिन से आ रहे पर रकम नहीं निकल पाता है। आज सुबह 10 बजे से आये हैं पर 3 बजे तक लिंक फेल होने की वजह से रकम नहीं निकाल पाये हैं। आमतौर पर रकम निकालने के लिए आने वले किसानों की अपेक्षा केवल 20 फीसदी लोगों का ही रकम निकल पाता है। किसानों के पूछने पर बैंक वाले लिंक नहीं होने का जवाब दे देते हैं।
हजारों किसानों को रकम नहीं
जिले के 129 धान खरीदी केन्द्र में 111322 किसानों का धान खरीदा जा चुका है।
किसानों को धान 1301 करोड़ 70 लाख का भूगतान किया जाना है जिसमें से 102486 किसानों को 1201 करोड़ 10 लाख भुगतान किया गया है। वहीं 8816 किसान को 100 करोड़ का भुगतान किया जाना है।
बचत किसानों में कई ऐसे किसान है जिनको लिंक फेल होने की वजह से धान बेचने के बाद भी रकम नहीं मिली है।


