बेमेतरा

छात्रा ने कलेक्टर को 13 का पहाड़ा सुनाया, शिक्षक का होगा सम्मान
17-Dec-2024 3:07 PM
छात्रा ने कलेक्टर को 13 का पहाड़ा सुनाया, शिक्षक का होगा सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 17 दिसंबर। कलेक्टर रणवीर शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर ग्राम पंचायत मारो के अनुसूचित जाति बालिका आश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई का जायजा लिया। आश्रम के बच्चों से उनकी पढ़ाई को लेकर बातचीत की। उन्होंने सभी बच्चों से सामूहिक रूप से मुलाकात की और उनके बौद्धिक स्तर का मूल्यांकन किया।

बच्चों के उत्साह और उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि देखकर कलेक्टर ने शिक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया। इस दौरान अपर कलेक्टर अनिल वाजपेयी, तहसीलदार और शिक्षक उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान कक्षा पहली की एक छात्रा ने कलेक्टर को 13 तक का पहाड़ा सुनाया, जिसे सुनकर कलेक्टर ने उसकी तारीफ की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों की भी सराहना की। कलेक्टर शर्मा ने वहां के शिक्षक की मेहनत को भी सराहा और घोषणा की कि शिक्षक को 26 जनवरी को सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर शर्मा ने बढ़ती ठंड को ध्यान में रखते हुए, बच्चों को गर्म कपड़ों का भी वितरण किया। कलेक्टर ने यह सुनिश्चित किया कि सभी बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़े मिले और उन्हें ठंड से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए सही पोषण के महत्व को समझाया और यह भी कहा कि साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है, ताकि बीमारियों से बचा जा सके।


अन्य पोस्ट