बेमेतरा

भाजपा सरकार किसानों के धान खरीदी में कर रही है हील हवाला - छाबड़ा
15-Nov-2024 2:07 PM
भाजपा सरकार किसानों के धान खरीदी में कर रही है हील हवाला - छाबड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 15 नवंबर। पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भाजपा सरकार द्वारा घोषित 14 नवंबर से धान खरीदी किए जाने को भाजपा का किसानों के साथ छल बताया है पूर्व विधायक का कहना है कि किसानों के धान कटकर लगभग एक माह से ब्यारे में पड़े हुए हैं जिसमें पानी गिरने तथा धान के खराब होने की संभावना बनी हुई है साथ ही साथ भाजपा द्वारा जो 14 नवंबर से धान खरीदी की बात कही जा रही है वह भी आधी अधूरी है, जबकि सोसाइटियों के कर्मचारी हड़ताल पर जा चुके हैं वहीं राइस मिलर भी हड़ताल में जाने की तैयारी कर रहे हैं। संबंधित धान खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में धान के बोरों की सप्लाई नहीं की गई है। ऐसे में  भाजपा सरकार किस तरीके से धान की खरीदी करेगी, समझ से परे है।

पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भाजपा द्वारा धान खरीदी को महज एक ढोंग करार दिया है उनकी तैयारी कुछ भी नहीं है किसानों को धोखा देने की नीयत से 14 नवंबर से धान खरीदी की बात कही जा रही है, जबकि संबंधित धान खरीदी केंद्रों में काम करने वाले कर्मचारी सरकार के रवैया से नाराज हैं तथा हड़ताल पर है। ऐसे में धान खरीदी कौन करेगा यह एक सवालिया निशान है। साथ ही साथ धान खरीदी के पश्चात मिलिंग करने वाले राइस मिलर्स भी पूर्व में जो कांग्रेस सरकार द्वारा राइस मिलर्स को मिलिंग राशि प्रदान की जाती थी, उसमें भी कटौती किए जाने से मिलर भी हड़ताल में जाने तथा मिलिंग न करने की बात कह रहे हैं। ऐसे में सोसाइटियों में धान जाम होना स्वाभाविक सी बात है, रही बात मौसम लगातार करवट बदल रहा है किसानों के धान उनके बाड़ी में पड़े हुए हैं, जो खुले में मौसम की मार झेल रहे हैं। मौसम की नरम गरम होने से धान खराब हो सकते हैं किंतु किसान विरोधी भाजपा सरकार को इस बात की चिंता नहीं है।  पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने बेमेतरा जिले में कांग्रेस सरकार के समय प्रतिवर्ष नये धान खरीदी उप केंद्र खोले जाते रहे हैं जबकि भाजपा सरकार आने के बाद से एक भी धान खरीदी उप केंद्र की वृद्धि न किया जाना भाजपा के किसान विरोधी रवैया को दर्शाता है। पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से निर्विघ्नता से किए जाने की मांग भाजपा सरकार से की है, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार से कोई परेशानी का सामना न करना पड़े अन्यथा कांग्रेस ऐसी स्थिति में मूकदर्शक बनी नहीं रहेगी किसानों के हित में वह जमीन की लड़ाई लडऩे को तैयार है।


अन्य पोस्ट