बेमेतरा

50 लाख की लागत से बने भारत माता चौक की रौनक गायब
15-Nov-2024 2:06 PM
50 लाख की लागत से बने भारत माता चौक की रौनक गायब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 15 नवंबर। शहर के पियर्स चौक स्थित 50 लाख की लागत से बने भारत माता चौक की रौनक गायब हो गई है। घटिया निर्माण का आलम यह है कि करीब दो साल पहले निर्माण पूर्ण हुए भारत माता मूर्ति का रंग-रोगन पूरी तरह से गायब है। इस ओर अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। भारत माता के अपमान से लोगों में खासी नाराजगी है।

ज्ञात हो कि भारत माता चौक का निर्माण लोक निर्माण विभाग के द्वारा किया गया है। जानकारी के अनुसार निर्माण के कुछ दिनों के भीतर भारत माता चौक नगर पालिका को हैंडओवर कर दिया गया था।

चौक का निर्माण दुर्ग के एक ठेकेदार के द्वारा किया गया है, जिसका काम स्थानीय ठेकेदार को पेटी में देकर कराया गया है। कमीशन के इस खेल में भारत माता चौक का निर्माण सामने आ गया है। इसके अलावा चौक की लाइटिंग पर 3 लाख ख़र्च करने के बावजूद लाइटें बंद पड़ी हैं। वहीं चौक के गार्डन में मेंटेनेंस के अभाव में अनावश्यक पेड़ पौधे व घास उग आए हैं।

घटिया निर्माण

भारत माता चौक के भूमि पूजन में पूर्व लोक निर्माण विभाग मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा समेत कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल हुए थे। भूमि पूजन 25 अप्रैल 22 को हुआ था। वहीं 12 नवंबर 22 को लोकार्पण हुआ। चौक की सुंदरता देखकर शहर वासियों में हर्ष का माहौल था। अब शहर के लोगों में नाराजगी है। शहर वासी ओमकार वर्मा के अनुसार भारी भरकम लागत के बावजूद इस तरह का घटिया निर्माण भारत माता के अपमान को दर्शाता है। जिम्मेदार ठेकेदार पर कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैक लिस्ट किया जाए।


अन्य पोस्ट