बेमेतरा

51 हजार से अधिक किसानों को बीमा क्लेम की राशि का इंतजार
31-May-2024 2:53 PM
51 हजार से अधिक किसानों को बीमा क्लेम की राशि का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 31 मई। जिले में फरवरी व मार्च महीने में हुए असमय बारिश व ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बाद बीमा कंपनी द्वारा बीमा करने वाले 21636 किसानों को ही क्लेम राशि जारी किया गया है। जिले में अभी 51 हजार से अधिक किसानों को क्लेम राशि मिलने का इंतजार हैं।

जानकारी हो कि रबी फसल सीजन के दौरान फरवरी व मार्च माह में हुए ओलावृष्टि व तूफानी बारिश से चारों ब्लाक के सैकड़ों गांव के हजारों किसानों को भारी नुकसान हुआ था।

नुकसान होने के बाद किसानों को भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का सहारा था। आकड़े के अनुसार जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए 88192 किसानों ने रबी फसल सीजन के दौरान गेंहू व चना फसल का बीमा कराया था। तीन माह से अधिक समय तक चले कार्यवाही के बाद जिले के 27616 किसानों को 17 करोड़ 81 लाख का भुगतान किया गया है। इसके बाद जिले में अब लगभग 51 हजार से अधिक किसानों को सैंपल सर्वे की राशि जारी नहीं हुई है। 51 हजार किसानों को अधिकृत पोर्टल में आनलाईन असेसमेंट के बाद ही राशि जारी हो सकेगा।

ज्ञात हो कि राजस्व विभाग द्वारा किये गये संयुक्त सर्वे के अनुसार जिला के बेमेतरा तहसील, दाढ़ी तहसील, साजा में कुल 22427 किसान, देवकर क्षेत्र में 7373, थानखहरिया क्षेत्र में 22250, बेरला में 100, भिभौरी में 94, नांदधाट व नवागढ़ में 36000 किसानों को नुकसान हुआ था। जिला प्रशासन की ओर से जिले के करीब 127753 किसानों को फसल नुकसान होने की जानकारी उच्च कार्यालय को प्रस्तुत किया गया था।

समय पर क्लेम मिले तो फसल में लगाएंगे 

किसान अषोक कुमार, नरेन्द्र वर्मा व मोहन वर्मा ने बताया कि अनेक गांव के किसानों द्वारा मार्च माह में लगातार जिला कार्यालय पहुंचकर फसल नुकसान की भरपाई के लिए गुहार लगा चुके हैं। यहा तक कि बीमा कंपनी के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया था। इन सबके बाद अब तक आधा लाख से अधिक किसानों को भरपयी के लिए राशि मिलने का इंतजार करना पड़ रहा है। प्रभावितों की माने तो समय पर राशि मिल जाये तो वो इस राशि का उपयोग रबी फसल सीजन में लिये गये कर्ज व फसल में लगायेंगे।

नुकसान के आंकलन के लिए संयुक्त सर्वे कराया गया

जिले में हुए असमय वर्षा से हुए नुकसान के आंकलन के लिए संयुक्त सर्वे कराया गया था। संयुक्त सर्वे के आधार पर सैंपल सर्वे के करने के लिए निर्देशित किया गया था। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दावा आपत्ति भुगतान के लिए बीएलएमसी के अनुमोदन के बाद प्राप्त हुए सर्वे रिपोर्ट तैयार किया गया । जिले मे संयुक्त सर्वे संचानालय कृषि द्वारा जारी किये गये आदेाश के पश्चात किया गया था।


अन्य पोस्ट