बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 31 मई। शहर के वार्डों एवं ग्राम रांका में योजनाबद्ध तरीके से महिलाओं से 20 लाख कीमत सोना के चांदी के जेवरात ठगी कर पार करने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में दो महिला ठग संलिप्त है। जिन्होंने प्रलोभन देकर इस ठगी को अंजाम दिया है। ठगी का शिकार होने के बाद महिला सिटी कोतवाली पहुंची। जहां पुलिस ने महिलाओं से आवेदन लेकर उन्हें लौटा दिया और पावती भी नहीं दी।
महिलाओं की शिकायत के सप्ताह भर तक पुलिस जांच के लिए घटनास्थल नहीं पहुंची है। आलम यह है कि प्रकरण में अब तक अपराध दर्ज नहीं किया है। इस संबंध में जानकारी मांगने पर गोलमोल जवाब दिया जा रहा है ।
पावती दिए बिना आवेदकों को लौटाया
आवेदकों से मिली जानकारी के अनुसार मामले की शिकायत के लिए सिटी कोतवाली पहुंचे थे। यहां उन्होंने सोना चांदी की ठगी को लेकर शिकायत दर्ज कराई। आवेदकों को पावती दिए बिना लौटा दिया गया। वहीं मामले के सप्ताह भर बाद भी अब तक पुलिस जांच के लिए आवेदकों के घर नहीं पहुंची है।
पति के भय से कई नहीं कर रहीं खुलासा
आधा दर्जन से अधिक महिलाएं अपने पति के भय से मामले का खुलासा नहीं कर रही हैं और ना ही एफआईआर दर्ज करने थाना पहुंची है। महिलाओं ने बताया कि घटना के संबंध में पति को बताने पर वे नाराजगी जाहिर करेंगे। इसलिए ठगी की शिकार कई महिलाओं ने चुप्पी साध ली है।
शहर के वार्डों व गांव में घूम कर ठगी को दे रही अंजाम
जानकारी के अनुसार दो महिला शहर के वार्डों एवं गांव में घूम कर महिलाओं से ठगी का अंजाम दे रही है। जिसमें मुख्य रूप से पुराना बर्तन को लेकर नए बर्तन लौटाकर महिलाओं का विश्वास जीता और इसी लालच में आकर अपने सोना चांदी को इन ठगों को सौंप दिया। इन ठगों ने सोना चांदी के एवज में कुछ घंटे बाद नगद राशि और सोना लौटाने का आश्वासन देकर फरार हो गए। ठगी की शिकार महिलाओं ने बताया कि महिला ठग दो से तीन दिन तक लगातार घर आती रही। विश्वास जीतने पुराने बर्तन को नया किया और छत्तीसगढ़ी भाषा में बात कर रही थी। स्पष्ट है कि ठगों ने पहले महिलाओं को प्रलोभन दिया। उसके बाद एक दर्जन से अधिक महिलाओं से जेवरात की ठगी की है।
स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज में दिखी महिलाएं
ग्राम रांका के प्राइवेट स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिलाओं की फुटेज कैद हुई है। जिसमें दो महिलाएं सडक़ को पार कर मुख्य मार्ग की ओर जा रही हैं। सीसीटीवी फुटेज में महिलाएं पहचान में नहीं आ रही है। महिलाएं सिर पर पुराने बर्तन रखकर जा रही हैं। इसके अलावा गांव की महिलाओं का विश्वास जीतने ठग महिलाओं ने उनके घर में भोजन किया है।
शहर व ग्राम रांका में 20 से अधिक महिलाओं से हुई ठगी
शहर के कुर्मी पारा में आवेदक ममता सिन्हा, रेखा वर्मा, रामकली साहू, राम भाई यादव, लता साहू चंद्रिका साहू, मोहित साहू, लोकेश्वरी निषाद, बाई निषाद, सातोबाई निषाद, भारती निषाद, दसमथ निषाद, शैलकुमारी, इसी प्रकार वार्ड 15 में आधा दर्जन लोगों से ठगी की गई।
इन महिलाओं से हुई ठगी
ममता सिंहा कुर्मी पारा से सोना का हार, झुमका एक जोड़ी, लच्छा, चांदी का करधन, दो पायल कीमत 5 लाख। रेखा वर्मा कुर्मी पारा एक जोड़ा टॉप, गले के हार की पत्ती, सुई धागा, नथ, अंगूठी कीमत 2 लाख। कुर्मी पर निवासी लता साहू चांदी का लच्छा 40 तोला, एक जोड़ी बिछिया कीमत 50 हजार। चंद्रिका साहू पैरी एक जोड़ी बीस तोला कीमत 15 हजार। वार्ड 15 में सागर सिंह राजपूत, ज्योति यादव समेत आधा दर्जन महिलाओं से ठगी हुई है। जिसमें 5 लाख रुपए का सोना लेकर ठग महिलाएं चंपत हो गई।
ग्राम रांका निवासी मोहित साहू के घर से ठग महिलाओं ने करीब 7 लाख रुपए के सोना चांदी के जेवरात को चमकाने के नाम पर पार कर दिया। अब कार्रवाई को लेकर थाने में आवेदन सौंपा है।
ठगी की वारदात को अंजाम देना हुई आम बात
उल्लेखनीय है कि बेमेतरा शहर में बाहरी लोगों का आकर चोरी, लूट, ठगी की वारदात को अंजाम देना आम बात हो गई है। आरोपियों के पकड़े नहीं जाने से लगातार घटनाएं घटित हो रही है। पुलिस की नाकामी का खामियाजा शहर वासियों को भुगतना पड़ रहा है।
लगातार चोरी व ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। जहां आरोपियों की धरपकड़ में पुलिस नाकाम रही है । ऐसी स्थिति में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।


