बेमेतरा

700 महिलाओं व किशोरियां मासिक धर्म से हुई अवगत
30-May-2024 1:24 PM
700 महिलाओं व किशोरियां मासिक धर्म से हुई अवगत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 30 मई। जिला के नांदघाट परियोजना सेक्टर कुरा के सभी 28 आंगनबाड़ी केंद्रों पर जिला अधिकारी चंद्रवेश सिंह सिसोदिया व परियोजना अधिकारी जयश्री नामदेव के निर्देशानुसार विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें सेक्टर की लगभग 700 महिलाओं व किशोरियों को स्वच्छ मासिक प्रबंधन के लिए शिक्षित किया गया।

कार्यक्रम में प्रेरणा गीत और कविताओं से उनका उत्साह वर्धन किया गया। उन्हें मासिक धर्म क्या है। इसका प्रबंधन कैसे किया जाता है और इस दिन को क्यों मनाया जाता है कि जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि वर्ष 2014 से हर साल 28 मई को यह दिवस मनाया जाता है।

45-50 वर्ष की उम्र तक हर महिला को इससे गुजरना पड़ता है

महिलाओं व किशोरियों को बताया गया कि 28 मई को इसलिए ये दिन मनाते हैं, क्योंकि महिलाओं में सामान्यत: मासिक चक्र आने की अवधि 28 से 35 दिन के भीतर होती है। महिलाओं के जीवन में मासिक धर्म अहम स्थान रखता है। यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसकी शुरुआत 11 से 12 वर्ष में होती है और 45 से 50 वर्ष की आयु तक हर महीने महिलाओं को माहवारी से गुजरना पड़ता है। माहवारी एक ऐसी प्रक्रिया है, जो शारीरिक रूप से महिलाओं को गर्भधारण के लिए तैयार करती है।

उपलब्ध कराया जाता है सेनेटरी पैड

किशोरावस्था के दौरान बालिकाओं को शरीर में हार्मोनल परिवर्तन होते हैं, जिससे कई परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। जैसे अत्यधिक माहवारी, अत्यधिक रक्तस्राव, दर्द, कमजोरी और भावनात्मक परिवर्तन होते हैं। इसके संक्रमण से बचाव के लिए माहवारी के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिन दीदी के माध्यम से बालिकाओं को सेनेटरी पैड उपलब्ध कराया जाता है।

पैड मैन फिल्म के बारे में भी चर्चा की गई

अक्सर माहवारी में महिलाएं कपड़े या पैड का उपयोग करती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कपड़े की बजाय पैड स्वच्छ और सुविधाजनक होता है। इससे संक्रमण का खतरा नहीं होता है। इसकी महत्ता को देखते हुए सरकार द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सेनेटरी नेपकिन का निर्माण स्व सहायता समूहों के द्वारा कराया जाता है। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत भी किया जाता है। बालिकाओं से अक्षय कुमार की फिल्म पैड मैन के बारे में भी चर्चा की गई। समापन रानू मिश्रा पर्यवेक्षक कुरा ने किया।


अन्य पोस्ट