बेमेतरा

पेड़ काटने पर विवाद: महिला की हत्या, दंपत्ति गिरफ्तार
21-May-2024 3:32 PM
पेड़ काटने पर विवाद: महिला की हत्या, दंपत्ति गिरफ्तार

दोनों बच्चों को भी टंगिया से मारने दौड़ाया 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 21 मई।
देवरबीजा चौकी के ग्राम बाबा सिधौरी में विवाद के दौरान महिला की दिन दहाड़े हत्या करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों ने मृतका के पति पर भी प्राणघातक हमला किया। उसके बच्चों की भी जान लेने के लिए उन्हें दौड़ाया गया। मामले का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया।

जानकारी हो कि ग्राम बाबा सिंधौरी निवासी रोहित साहू पिता डोमार साहू की पत्नी दुखनी बाई की हत्या उसके गांव के ही चेतनदास बघेल ने उसके गले में प्राणघातक वार कर की। इसके बाद धक्का देकर गिराने के बाद मृतका के दोनों पैर काट लिए। चम्पी बाई ने टंगिया लेकर मृतका के दोनों बच्चों की हत्या करने की नियत से दौड़ाया। दोनों बच्चों ने अपनी जान मौके से भागकर बचाई। प्रार्थी रोहित जब मौके पर पहुंचा, तब चेतनदास ने उस पर भी टंगिया से हमला कर दिया, जिससे उसे चोट पहुंची। मामले में पुलिस ने आरोपियों पर धारा 302, 323, 34 पंजीबद्ध किया।

खेत के मेड़ से बबूल का पेड़ काट रहे थे, मना करने पर नहीं माने 
विवेचना के दौरान आरोपी चेतनदास बघेल (38) व चम्पी बाई बघेल ने 19 मई को हुई घटना के बारे में बताया कि वो जब अपने खेत के पास गए तो उन्होंने देखा कि खेत की मेड़ का बबूल पेड़ कटा पड़ा था। वहां पर दुखनी बाई साहू व उसके दोनों लडक़े पेड़ की डालियों को काट रहे थे। पेड़ काटने के लिए मना करने पर भी वे नहीं माने। इसके बाद उसने पूरी बात अपनी पत्नी चम्पी बाई को बताई।

दोनों टंगिया लेकर घर से बैलगाड़ी में निकले थे 
पुलिस के अनुसार दोनों पति-पत्नी घर से एक राय होकर एक-एक टंगिया को लेकर बैलगाड़ी के साथ कटे बबूल पेड़ की लकड़ी लाने दोपहर करीबन 12.30 बजे अपने खेत के पास पहुंचे, जहां आरोपी ने लकड़ी ले जाने के नाम पर मृतका दुखनी बाई के गले में टंगिया से हमला कर दिया। चम्पी बाई ने उसके दोनों बेटों को मारने के लिए दौड़ाया। लेकिन वे भाग गए। फिर आरोपी ने टंगिया से दुखनी बाई के दोनों पैरों को काट दिया। उसके पति के आने के बाद उस पर भी हमला करने के लिए दौड़ाने लगे। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 
 


अन्य पोस्ट