बेमेतरा
पिछले साल थे 12 हजार, अब बढक़र हुए दोगुने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 मई। जिले में हाइपरटेंशन या उच्च रक्तचाप के मरीजों की संख्या जांच व उपचार की सुविधा बढऩे के बाद दोगुने से अधिक हो गई है। जिले में 2022-23 के दौरान हाईपरटेंशन के मरीजों की संख्या 12 हजार के करीब थी, जो बढक़र 2023-24 के दौरान 25 हजार पार हो गई। जारी सत्र के एक माह में जिले में उच्च रक्तचाप के 2900 से अधिक नए मरीज मिले हैं। डॉक्टर हाइपरटेंशन की वजह गलत जीवन शैली को मानते हैं।
जिले में नॉन कम्युनिकेबल डीसीज यानी गैर संचारी रोग में शामिल पांच रोगों में एक हाइपरटेंशन के मरीजों की संख्या में बीते चार साल में लगातार इजाफा हुआ है। 2021 के दौरान जिला गैर संचारी रोग के दायरे में आने के बाद इसमे शामिल मर्ज की जांच व उपचार की सुविधाओं में इजाफा किया गया। जिले में 2022-23 के दौरान करीब 126 जांच केन्द्रों में जांच के दौरान 12,222 मरीज हाइपरटेंशन रोग के मिले थे, जिसमें से 12028 का उपचार किया गया था। इस सत्र में जिले को 18505 का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, इससे कम मरीज मिले थे। सत्र 2023 -24 के दौरान जिले में हाइपरटेंशन के रोग की जांच व उपचार के दायरे को बढ़ाया गया।
इस सत्र में जिला अस्पताल, 8 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 20 पीएचसी व 130 सीएससी सेन्टर में जांच की गई। सत्र के दौरान जिले में करीब 1 लाख 95 हजार लोगों की जांच की गई, जिसमें 25110 मरीज मिले हैं। नए मरीजों में 25080 मरीजों का उपचार जारी है। जिले को इस सत्र के दौरान 18505 मरीजों का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिससे अधिक यानी 135 प्रतिशत हाईपरटेंशन के मरीज मिले हैं।
उच्च रक्तचाप के मरीजों की जानकारी
सत्र 2023-24
बेमेतरा ब्लाक - 9006
बुरला ब्लॉक - 5924
नवागढ़ ब्लाक- 2718
साजा ब्लॉक - 7432
टोटल मरीजों की संख्या - 25030
अप्रैल के पश्चात जिले में मिले
मरीजों की संख्या 2920
बेमेतरा ब्लाक - 847
बेरला ब्लॉक - 427
नवागढ़ ब्लाक -175
साजा ब्लॉक - 1471
साजा में हाइपरटेंशन के सबसे अधिक मरीज
जिले में 2022-23 के दौरान 30 प्लस आयु वर्ग के 12028 हाइपरटेंशन मर्ज के मरीज मिले थे, जिसमें बेमेतरा ब्लॉक में 1969, बेरला ब्लॉक 2595, नवागढ़ ब्लॉक 2459 मरीज मिले। सबसे अधिक साजा ब्लॉक में 5005 मरीज मिले थे। इसके बाद 2023-24 के दौरान जिले के 25110 मरीज मिले, जिसमें बेमेतरा ब्लॉक में सबसे अधिक 9010 मरीज, साजा ब्लॉक में 7446, बेरला ब्लॉक में 5928 व नवागढ़ ब्लॉक में सबसे कम 2726 मरीज उपचार के लिए मिले। अप्रैल माह में 2920 मरीज मिले हैं, जिसमें साजा में सर्वाधिक 1471, बेमेतरा ब्लॉक में 847, बेरला ब्लॉक में 427 मरीज, व सबसे कम नवागढ़ ब्लॉक में 175 मरीजों की पहचान हुई। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में बीपी व शुगर की जांच व दवाइयां निशुल्क दी जा रही है।
हाइपरटेंशन सेे बचने जीवनशैली बदलने की जरूरत
डॉ. बुधेश्वर वर्मा ने बताया कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। प्रतिदिन व्यायाम, नशामुक्त जीवन, तनाव से मुक्त रहने का प्रयास करना चाहिए। स्वच्छता को अपनाकर नियमित तौर पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। डॉ. योगेश दुबे ने बताया कि आहार में अधिक फायबर, शरीर का वजन संतुलित बनाए रखें। वसा की मात्रा कम लें, नमक, चीनी कम से कम लें, अच्छी नींद और तनाव मुक्त रहने का प्रयास करना ही इस मर्ज का बेहतर रोकथाम है।
वेलनेस कोच किरण सिंह वर्मा ने बताया कि आज के समय में हाइपरटेंशन, शुगर के पीछे गलत जीवनशैली एक बड़ा कारण है, जिसमें सुधार कर रोगी होने से बचा जा सकता है। बहरहाल जिले में उच्च रक्तचाप के मरीजों की संख्या में लगतार इजाफा हो रहा है। आमतौर पर दैनिक जीवन में जीवनशैली में परिवर्तन का असर दिखाई दे रहा है। जिले में 30 साल से अधिक 25 हजार से अधिक मरीजों का उपचार जारी है । उच्च रक्तचाप के बढ़ते मरीजों की संख्या का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जिला अस्तपाल में प्रतिमाह होने वाली करीब 1 हजार जांच में आधे के करीब हाइपरटेंशन के मरीज निकल रहे हैं।


