बेमेतरा

नाली बनाने 3 साल पहले खुदाई, आज तक काम शुरू नहीं
13-May-2024 2:46 PM
नाली बनाने 3 साल पहले खुदाई, आज तक काम शुरू नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 13 मई। नगर पालिका के वार्ड 13 सिंघौरी दुर्गा मंच के पास पानी और कूड़े कचरा से भरा पड़ा है। सिंघौरी वार्ड में ही वार्ड वासी 14 वर्षों से एक नाली बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन वार्ड में आज 14 साल बीत जाने के बाद भी नाली का निर्माण नहीं हो पाया है।

2021 में हुआ था भूमिपूजन

2021 में बेमेतरा के विभिन्न वार्डों में नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने वार्ड पार्षद के साथ नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन किया गया था, जिसमे सिंघौरी वार्ड 13 भी शामिल था। आज तीन साल बाद शहर के विभिन्न वार्डों में नाली निर्माण हो चुका है। इस बीच खराब नालियों की मरम्मत भी कराई गई।

भूमिपूजन के बाद यहां पर बननी थी नाली

सिंघौरी में हेमीन बाई वर्मा के घर से लेकर फगुवा राम साहू के घर होते हुए डबरी तक नाली बननी थी पर काम शुरु ही नहीं हुआ। नाली निर्माण नहीं होने की वजह से निकासी समस्या हो रही है।

नाली बनी पर पानी निकासी की जगह नहीं

शहर के भीतर कई नालियां इस तरह बनी हैं, जिसमें पानी निकासी की जगह ही नहीं है। इसके चलते नालियों में कचरे का ढेर बन गया है। कुछ नाली निर्माण बेवजह किया गया। उनका उपयोग ही नहीं हो पा रहा है। हालत ये है कि मिट्टी, कचरा व मल से भरा पड़ा है।

नापकर खुदाई की गई पर काम नहीं हुआ शुरु

वार्ड 13 सिंघौरी दुर्गा मंच के समीप में नाली बनाने के लिए नापकर खुदाई की गई थी। इसके बाद नाली का काम नहीं हुआ। वार्डवासियों ने अपने-अपने घर के सामने खुदाई कर पानी निकासी के लिए कच्ची नाली तैयार की है, जिसकी महीने डेढ़ महीने में एक बार नगर पालिका के सफाई कर्मचारी सफाई करते हैं।


अन्य पोस्ट