बेमेतरा

कृषि विज्ञान केन्द्र पहुंचे कलेक्टर
15-Feb-2024 3:45 PM
कृषि विज्ञान केन्द्र पहुंचे कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 फरवरी।
कलेक्टर रणबीर शर्मा बुधवार को नवागढ़ विकासखंड पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा, कृषि विज्ञान केंद्र, छात्रावास, धान उपार्जन केंद्र, प्रधानमंत्री आवास सहित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर आदि का निरीक्षण किया। मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों से बात की। मजदूरी और समय पर आवास की किस्त मिलने की जानकारी ली। महिलाओं से महतारी वंदन योजना के आवेदन करने के संबंध में भी पूछा।

कलेक्टर शर्मा ने कृषि महाविद्यालय का वर्कशॉप देखा। उन्होंने कृषि वैज्ञानिक डॉ. केपी वर्मा से वर्कशॉप में अलसी डंठल से बनने वाले साल जैकेट की जानकारी ली। उन्होंने वर्कशॉप में कार्डिंग यूनिट, वॉरपिंग यूनिट की जानकारी ली। शर्मा ने कहा कि मार्केटिंग और डिजाइनिंग में स्थानीय लोगों को शामिल करें। हर चीज के लिए अच्छी मार्केटिंग और ब्रॉन्डिंग चाहिए। उन्होंने अलसी के डंठल से बने जैकेट को पहन कर देखा।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत झाल में चल रहे मनरेगा के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मजदूर बसंती से बात की। परिवार की स्थिति और कुशल क्षेम पूछा। मानसून आने से पहले तालाब निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। शर्मा ने ग्राम पंचायत अतरिया में बन रहे प्रधानमंत्री आवास को देखा। आवास योजना की हितग्राही भगमती साहू से मिलने वाले किस्त की राशि की जानकारी ली।

कृषि विज्ञान केंद्र का किया भ्रमण, ली जानकारी 
कृषि विज्ञान केंद्र में कलेक्टर ने टमाटर, साहो, बैगन, मिर्च, अलसी, चना व गेहूं की ग्राफ्टिंग की जानकारी ली। इसके बाद पौधों से बनने वाले ऑइल, दीवाल पुट्टी, परफ्यूम के साथ-साथ तना रेशा से बनने वाले सामग्री की जानकारी ली। पडक़ीडीह में उद्यान विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया। नर्सरी प्रभारी ने बताया कि यह 12 एकड़ में फैला है। यहां मौसम्बी, आम, नींबू और जाम की अच्छी फसल होती है। कलेक्टर ने नर्सरी के बेर और शहतूत का स्वाद चखा।

अंधियारखोर धान उपार्जन केंद्र पहुंचे 
कलेक्टर शर्मा ने ग्राम पंचायत अंधियारखोर धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्य अधिकारी से बेमौसम होने वाली बारिश से धान के रखरखाव की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद शासकीय प्राथमिक शाला अंधियारखोर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने छात्रों से भी बातचीत की। स्कूल के रसोई कक्ष का निरीक्षण किया।


अन्य पोस्ट