बेमेतरा

विधानसभा में दो गुट, आम चुनाव में एकजुट, नवागढ़ में कांग्रेस की नई मुसीबत
04-Feb-2024 4:12 PM
विधानसभा में दो गुट, आम चुनाव में एकजुट, नवागढ़ में कांग्रेस की नई मुसीबत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 फरवरी।
आम चुनाव की तैयारी के मद्देनजर  30 जनवरी को बेमेतरा में कांग्रेस की बैठक हुई। इस बैठक के पूर्व जिला अध्यक्ष बंशी पटेल ने जो पत्र  जारी किया उसमे अन्य पदाधिकारियों के साथ-साथ जिले के तीनों पूर्व विधायकों को बैठक की सूचना सोशल मीडिया में दी गई थी। नवागढ़ विधानसभा से पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे इस बैठक में शामिल हुए।

नवागढ़ विधानसभा से चुनाव लडक़र हार का सामना करने वाले गुरु रुद्र कुमार बैठक में उपस्थित नहीं थे। जब विधानसभा चुनाव हुआ तो हवा में उड़ रहे कार्यकर्ताओं को  इस तरह की बैठक की जरूरत नहीं पड़ी न पार्टी के किसी जिम्मेदार ने बैठक कराया। अब लोक सभा में एक करने का प्रयास किया जा रहा है। नवागढ़ विधानसभा में पूर्व विधायक की हैसियत से गुरुदयाल सिंह बंजारे अगुवाई करेंगे या गुरु रुद्र कुमार तस्वीर धुंधली है। 

विधानसभा चुनाव में गुरुदयाल सिंह बंजारे को किनारे कर जिला पंचायत सदस्य सुशीला जोशी, शशि प्रभा गायकवाड़ को नजरंदाज किया गया था। खामियाजा सामने है, जिन लोगों की सलाह में गुरु की लुटिया डूबी क्या वही चेहरे फिर चमकेंगे या पार्टी कोई नई रणनीति बनाएगी। कहा तो यह जा रहा है की सामूहिक नेतृत्व में में चुनाव लड़ा जाएगा, अब सत्ता का रौब खत्म हो गया तो सभी को साधने की बात मजबूरी है।

दो माह तीन झटका
नवागढ़ विधानसभा में कांग्रेस फिलहाल असहाय की स्थिति में है। यही कारण है की नगर पंचायत मारो के अध्यक्ष ने अविश्वास के पहले इस्तीफा दे दिया। नवागढ़ नगर पंचायत अध्यक्ष को बहुमत वाले नपा में  दो मत मिले कुर्सी चली गई। बेमेतरा जनपद पंचायत अध्यक्ष को अविश्वास प्रस्ताव में पराजय का सामना करना पड़ा। कुर्सी गई  कोई सहयोग नहीं मिला, ऐसे में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए नई मुसीबत है।  राजनीति के जानकारों की माने तो नवागढ़ विधानसभा में कांग्रेस नई मुसीबत में है। बीच का रास्ता निकालने सामूहिक नेतृत्व का राग अलापा जा रहा है, जिससे किसी पर भार न पड़े न कोई किसी पर भारी पड़े। पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे तो न खोया न पाया की स्थिति में है तो गुरु रुद्र कुमार को रिचार्ज करने कई कार्यकर्ता दौड़ लगा रहे हैं।


अन्य पोस्ट