बेमेतरा

बेमेतरा जपं सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए दिया आवेदन
08-Jan-2024 3:16 PM
बेमेतरा जपं सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए दिया आवेदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 जनवरी।
जनपद अध्यक्ष रेवती साहू के खिलाफ जनपद सदस्यों ने अविश्वास का आवेदन दिया है। इस पर प्रस्ताव लाने की तिथि तय नहीं हुई है। बेमेतरा जनपद पंचायत में कांग्रेस काबिज है। बता दें कि पूर्व में आए अविश्वास प्रस्ताव में कुमारी बाई जायसवाल को पद से हाथ धोना पड़ा था।

इसके बाद नवागढ़ के तात्कालिक विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने भाजपा को तोडक़र रेवती साहू को अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस का कब्जा बार कर रखा। अब सत्ता परिवर्तन के बाद बहुमत के बाद भी कुर्सी बचाने के लिए दौड़ भाग की जरूरत पड़ रही है। नगर पंचायत मारो में भी कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष है। अध्यक्ष का 2 साल का कार्यकाल पूरा हो गया है। अब अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी के लिए इस नगर पंचायत में अलाव जल गया है।

मारो में भी अध्यक्ष के खिलाफ कभी भी हो सकती है बगावत
मंत्री बघेल के दरबार में मानव नगर पंचायत के एक दर्जन पार्षद हाजरी लगाकर आ गए हैं। यहां कभी भी अध्यक्ष के खिलाफ बगावत का बिगुल बज सकता है। नवागढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष अंजलि मारकंडे के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं आ सकता। वह कांग्रेस खेमे के अध्यक्ष हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी गुरुरुद्र कुमार के पक्ष में प्रचार किया है। फिरहाल सत्ता परिवर्तन के बाद चार दिन पूर्व उन्होंने मंत्री दयाल दास बघेल से मुलाकात की है।

रेवती, बघेल के दरबार में लगा चुकी हैं अर्जी 
अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा महिला मोर्चा का पद त्यागकर कांग्रेस में शामिल होने वाली रेवती साहू कुछ दिन पहले खाद्य मंत्री दयालदास बघेल से मिलने राजधानी गई थीं। मंत्री बघेल ने कुर्सी बचाने का कोई आश्वासन तो नहीं दिया पर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए किए गए प्रचार को याद दिलाकर अपना पल्ला झाड़ लिया।

कांग्रेस में मची हुई है खलबली  
राजनीतिक जानकार गंगाधर यादव ने कहा कि नवागढ़ विधानसभा में कांग्रेस में खलबली है। जिला पंचायत को छोडक़र बाकी सभी जगह कांग्रेस का कब्जा है। नगर पंचायत नवागढ़ के बाद बेमेतरा जनपद पंचायत में आया अविश्वास प्रस्ताव यह साबित कर रहा है कि सदस्य सत्ता के साथ सुर बदल रहे हैं। नवागढ़ विधानसभा में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बदलने के बाद जिस संकट का सामना करना पड़ रहा है। यह पार्टी के रणनीतिकारों के लिए चिंता का विषय है।

पार्टी मजबूत है 
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बंशी पटेल ने कहा कि जिले में कांग्रेस मजबूत है, जिन लोगों का मनोबल कमजोर है, वे दलबदल में लगे हैं। विपक्ष द्वारा नगरीय निकाय, जनपद में जो कुछ किया जा रहा है। इस पर पार्टी की नजर है।

कांग्रेस सिमटने लगी
जिला भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी ने कहा कि नवागढ़ नगर पंचायत हो या जनपद पंचायत बेमेतरा, सभी जगह कांग्रेस में बगावत है। जिले में कांग्रेस सिमटने लगी है। कांग्रेस ने जिस दबाव में शासन किया, उसका परिणाम दिख रहा है।
 


अन्य पोस्ट