बेमेतरा

15वें वित्त की राशि खर्च करने में, जिपं फिसड्डी, सिर्फ 25 फीसदी खर्च
03-Jan-2024 3:14 PM
15वें वित्त की राशि खर्च करने में, जिपं फिसड्डी, सिर्फ 25 फीसदी खर्च

ग्राम पंचायतों ने खर्च की 108 फीसदी तो जनपद ने की 65 फीसदी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 3 जनवरी।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों के माध्यम से विकास के लिए पंद्रहवे वित्त से तीन वित्तीय वर्ष में एक अरब 28 करोड़ 14 लाख 16 हजार रुपए मिले। सूचना का अधिकार के तहत ने 6 सितंबर 2023 तक की स्थिति में जिला पंचायत बेमेतरा ने जो जानकारी दी है उसके अनुसार ग्राम पंचायतों ने मिली राशि से अधिक राशि खर्च की तो जनपद पंचायत प्राप्त राशि का केवल 65 फीसदी ही उपयोग कर सकी। विकास की निगरानी करने वाले जिला के मुखिया यानि जिला पंचायत सबसे कमजोर साबित हुई प्राप्त राशि का पच्चीस प्रतिशत का ही उपयोग कर सकी है।

ग्राम पंचायतों को मिली राशि जनपद वार
वित्तीय वर्ष 2020-21, 21-22 व 22-23 में बेमेतरा जनपद के ग्राम पंचायतों को तीन साल में 24 करोड़ 85 लाख 39 हजार 373 रुपए मिले इसके विरुद्ध ग्राम पंचायतों ने 26 करोड़ 40 लाख 11 हजार 391 रुपए खर्च किए। बेरला जनपद पंचायत के ग्राम पंचायतों को 24 करोड़ 34 लाख 29 हजार 422 रुपए मिले, जिसके विरुद्ध 27 करोड़ 37 लाख , 14 हजार 184 रुपए खर्च किए। नवागढ़ जनपद पंचायत के ग्राम पंचायतों को 24 करोड़ 10 लाख 27 हजार 843 रुपए मिले जिसके विरुद्ध 25 करोड़ 67 लाख 84 हजार 572 रुपए खर्च किए। साजा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायतों को 22 करोड़ 80 लाख 63 हजार 360 रुपए मिले जिसके विरुद्ध 24 करोड़ 38 लाख 27 हजार 476 रुपए खर्च हुए। ग्राम पंचायतों ने जिले में प्राप्त राशि का 108 फीसदी खर्च किया।

जनपद पंचायतों के खर्च की राश््िरा
जनपद पंचायतों को मिली राशि का यदि खर्च देखा जाए तो बेमेतरा जनपद पंचायत को 4 करोड़ 96 लाख 75 हजार 747 रुपए मिले जिसके विरुद्ध 3करोड़ 70 लाख 73 हजार 150 रुपए खर्च किए। बेरला जनपद पंचायत को 4 करोड़ 90 लाख 89 हजार 864 हजार मिले जिसके विरुद्ध 3 करोड़ 70 लाख 39 हजार 345 रुपए खर्च हुए। नवागढ़ जनपद पंचायत को 4 करोड़ 73 लाख 15 हजार 627 रुपए मिले जिसके विरुद्ध 2 करोड़ 60 लाख 46 हजार 980 रुपए खर्च हुए। साजा जनपद पंचायत को 4 करोड़, 61 लाख 32 हजार 762 रुपए मिले जिसके विरुद्ध 2करोड़, 57 लाख 6 हजार 612 रुपए खर्च हुए। चारो जनपद में 65 फीसदी राशि खर्च हो सकी।

जिला पंचायत फिसड्डी 
जिला पंचायत को चार वित्तीय वर्ष में 12 करोड़ 81 लाख 42 हजार रुपए मिले जिसमे वित्तीय वर्ष 2020-21 , 2021-22में फूटी कौड़ी खर्च नहीं की बाद के दो वित्तीय वर्ष में 3करोड़ 21 लाख 8 हजार 722 रुपए खर्च किए जो प्राप्त राशि का 25 प्रतिशत है। जिला पंचायत में राशि बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। एक बार तो जिला पंचायत में भाजपाइयों ने ताला जडक़र आंदोलन शुरू कर दिया था। अब सरकार बदलने के बाद उम्मीद है राशि का खर्च समय पर होगा।

एक अरब में एक भी माडल कार्य नहीं
जिला पंचायत सदस्य बिंदिया अश्वनी मिरे ने कहा की जिला पंचायत में विपक्ष की सत्ता के चलते पहले दो साल कार्य नहीं हुए। ग्राम पंचायत में खर्च ऐसा की खप गया अधिक पैसा। मिरे ने कहा की पूरे जिले में लगभग सवा अरब की राशि खर्च हो गई। हम तीन साल में एक भी माडल कार्य नही कर सके। गांव की तस्वीर नही बदली। स्कूलों में बारिश के जलभराव होते हैं। पुराने ग्राम पंचायत भवन न संवारे गए न सुधारे गए। सडक़, बिजली, पानी जैसे कार्य आज नहीं हो रहे। कार्य जमीन पर हो तो प्रगति जरूर होगी।


अन्य पोस्ट