बेमेतरा

आधार सेवा केन्द्र में सर्वर डाउन होने से ताला, लोग होते रहे परेशान
07-Jul-2023 3:20 PM
आधार सेवा केन्द्र में सर्वर डाउन होने से ताला, लोग होते रहे परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 जुलाई। 
जिला मुख्यालय के आधार सेवा सेवा केन्द्रों में सर्वर डाउन होने की वजह से आधार अपडेट करने के लिए लोग परेशान रहे। सर्वर नहीं होने के कारण जिला मुख्यालय के गांधी भवन में संचालित आधार सेवा केन्द्र समय से पहले बंद होने से लोगों को भटकना पड़ा और लोगो को परेशान होना पड़ा।

जानकारी के अनुसार गुरूवार को आधार अपडेट कराने वालों को केन्द्रों में सर्वर कमजोर होने के कारण भटकना पड़ा। सरकारी तौर पर जिला मुख्यालय में गांधी भवन व तहसील कार्यालय में आधार सेवा केन्द्र का संचालन किया जा रहा है जहां पर पहुंचने वालों को तालाबंदी का सामना करना पड़ा।

ग्राम मोहतरा खंडसरा निवासी ने बताया कि वे अपना आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए पहले तहसील कार्यालय का सेवा केन्द्र पहुंचा था जहां पर ताला बंद रहा। इसके बाद गांधी भवन पहुंचा था वहां भी तालाबंद मिला है। यहां तक कि हमें सूचना देने वाले भी नहीं मिल रहे है। ग्राम बिरमपुर से 14 किलोमीटर का सफर कर जिला मुख्यालय पहुंचे सुखरू राम ने बताया कि चार से पांच केन्द्रो में पता कर चुका हूं अपडेट नहीं हो रहा है। इसी तरह जगदीश देवांगन व रोशन चौहान ने गांधी भवन आधार सेवा केन्द्र में ताला बंद होने के कारण दोपहर साढ़े तीन बजे ही उसे आकर वापस जाना पड़ा है। इसके बाद वे दोबारा देखने पहुंचा था।

बैंकों के आधार सेवा केन्द्र में भी सर्वर की दिक्कत 

बैक ऑफ इंडिया आधार सेवा केन्द्र के युवराज वर्मा ने बताया कि सर्वर नहीं होने के कारण कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा है। अन्य बैंकों में संचालित आधार सेवा केन्द्रों में भी इसी तरह की स्थिति सामने आई है। जिला मुख्यालय में गुरूवार को केवल पोस्ट आफिस आधार सेवा केन्द्र में ही अपडेट का कार्य जारी था बाकी केन्द्रो में काम ठप्प रहा है। बहरहाल जिला मुख्यालय के आधार सेवा केन्द्र नेटवर्क की समस्या की वजह से दूरदराज गांव से आने वालों को बैरंग जाना पड़ा है।


अन्य पोस्ट