बेमेतरा

मीठे पानी की आपूर्ति को लेकर भाजपाइयों ने किया प्रदर्शन
04-Jul-2023 3:49 PM
मीठे पानी की आपूर्ति को लेकर भाजपाइयों ने किया प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 जुलाई।
शहरवासियों को मीठे पानी की आपूर्ति समेत अन्य समस्याओं को लेकर भाजपाइयों ने जंगी प्रदर्शन किया। नगर पालिका कार्यालय के सामने करीब 2 घंटे हुए प्रदर्शन में भाजपाइयों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उल्लेखनीय है कि शहरी जल आवर्धन योजना पर 23 करोड़ रुपए से अधिक खर्च होने के बावजूद शहरवासियों को नियमित मीठे पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है।

लगातार शिकायत के बावजूद पालिका प्रशासन व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। जिसमें योजना के हैंडओवर लेने को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही है। विभागों की मनमानी का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी योजना, मीठा पानी नसीब नहीं 

भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा कि योजना के लिए 2 बार अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। लेकिन अब तक बेमेतरा वासियों को मीठा पानी नसीब नहीं हो सका है। बेमेतरा नगर पालिका क्षेत्र खारे पानी की समस्या से ग्रस्त है। बेमेतरा शहर के ज्यादातर वार्डो में पेयजल संकट बना रहता है। योजना के तहत सभी वार्डो में सप्लाई पाइप लाइन भी नहीं बिछाई है। पूर्व विधायक अवधेश चंदेल ने कहा कि यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है। कई बार अतिरिक्त राशि स्वीकृत किए जाने के बावजूद योजना पूर्ण नहीं हो पा रही है।

शहर की 40 फीसदी आबादी मीठे पानी से वंचित 

जल आवर्धन योजना को पुनरीक्षित स्वीकृति प्रदान करते हुए 23 करोड़ रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की गई। वर्ष 2019 से स्वीकृति उपरांत भी आज दिनांक तक बेमेतरा नगर पालिका परिषद के 21 वार्डों में से मात्र 11 वार्डों में ही मीठे पानी की आंशिक सप्लाई हो पा रही है। 18 वार्डों में पाइपलाइन बिछाया जा चुका है। कई बार अतिरिक्त राशि स्वीकृत होने के बावजूद शहर के सभी वार्डों में पाइप लाइन का विस्तार नहीं हो पाया है। नतीजतन शहर की करीब 40त्न आबादी मीठे पानी से वंचित है।

योजना के हस्तांतरण को लेकर विभागों के बयान में विरोधाभास 

मुख्य नगरपालिका अधिकारी भूपेंद्र उपाध्याय के अनुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा योजना के संचालन को लेकर हैंड ओवर की प्रक्रिया अब तक पूर्ण नहीं की गई है। ऐसी स्थिति में योजना का संचालन ठीक ढंग से नहीं हो पा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग शहर के सभी वार्डों में पाइपलाइन विस्तार के कार्य को पूर्ण नहीं कर पाई है। कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग आशा लता गुप्ता के अनुसार वर्ष 2020 में तत्कालीन कार्यपालन अभियंता के द्वारा योजना के हैंडओवर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। वहीं पालिका प्रशासन की ओर से योजना का संचालन भी किया जा रहा है। ऐसे में पालिका प्रशासन के हैंड ओवर को लेकर विरोधाभास बयान पर सवाल खड़े हो रहे। 

परेशान महिलाओं ने खाली मटका लेकर किया प्रदर्शन

प्रदर्शन के लिए भारतीय जनता पार्टी के जिलेभर से आए कार्यकर्ता शहर के सिंघौरी वार्ड में इक_ा हुए। यहां पालिका प्रशासन के खिलाफ आयोजित आमसभा में भाजपा के बड़े नेताओं ने कार्यकर्ता व आम जनों को संबोधित किया। पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा एवं मण्डल अध्यक्ष मोन्टी साहू के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपाई पैदल मार्च निकालकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे। यहां भाजपाई मीठे पानी की नियमित आपूर्ति समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। हाथों में बैनर पोस्टर लेकर महिलाएं भी शामिल हुई। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं खाली मटका लेकर नगरपालिका पहुंची थी। सुरक्षा के मद्देनजर पालिका कार्यालय परिसर में पुलिस के जवान तैनात थे। करीब 2 घंटे के प्रदर्शन में भाजपाइयों ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समस्याओं के निराकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन में भाजपा के नेता समेत कार्यकर्ता हुए शामिल 

प्रदर्शन में भाजपा नेता प्रहलाद रजक, जिला मंत्री विकास घरडे, दीपेश साहू, ललिता साहू, जिला उपाध्यक्ष विकास दीवान, युवा मोर्चा अध्यक्ष परमेश्वर वर्मा, युवा मोर्चा महामंत्री समीर वर्मा, तारण राजपूत, जिला पंचायत सदस्य गोवेंद पटेल, अंजु बघेल, संतोष वर्मा, युगल देवांगन, डॉ. विनय साहू, निखिल साहू, गोपी देवांगन, योगेश वर्मा, दीपक मोटवानी, मधु राय, सावित्री रजक, राजकुमार खाण्डे, धर्मेन्द्र साहू, किसान मोर्चा महामंत्री सुरेन्द्र लोधी, तनु दीवान, सिद्धांत ठाकुर, उमेश यादव, महेश्वर साहू, नागेश साहू समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट