बेमेतरा

खेती-किसानी के लिए 343 करोड़ का ऋण
29-Jun-2023 4:13 PM
खेती-किसानी के लिए 343 करोड़ का ऋण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 जून।  जिले में सहकारी केन्द्रीय बैंक की ओर से खरीफ फसल 2023-24 के लिए अब तक 83650 किसानों को खेती-किसानी के लिए 343 करोड़ 9 लाख 67 हजार रुपए का अल्पकालीन ऋण दिया गया है। इसमें 285 करोड़ 98 लाख 2 हजार रुपए नकद और शेष 57 करोड़ 11 लाख 65 हजार रुपये वस्तु के रूप में दिए गए हैं। चालू वर्ष में किसानों को 460 करोड़ के ऋण वितरण का लक्ष्य है।

नोडल अधिकारी डीडी डेहरे ने बताया कि पिछले वर्ष इसी सीजन में 81853 किसानों को 331 करोड़ 69 लाख 13 हजार रुपए का खेती-किसानी के लिए ऋण दिया गया था। इसमें से 257 करोड़ 34 लाख 87 हजार रूपए नगद और 56 करोड़ 34 लाख 26 हजाररुपए वस्तु के रूप में दिए गए थे। चालू वर्ष में नये किसानों को भी ऋण दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि रासायनिक और वर्मी कम्पोस्ट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।

रासायनिक खाद का भंडारण 45518 टन और 19219 क्विंटल बीज का भंडारण है। जिसमें से किसानों ने अब तक 17430 क्विंटल बीज, 36744 टन रासायनिक खाद का उठाव किया है। रासायनिक खाद उठाव पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक है। अधिकारियों ने किसानों से जल्द से जल्द खाद-बीज उठाव की अपील की है।

सोयाबीन जेएस-2069

बीज पर प्रतिबंध

सोयाबीन जेएस 2069 किस्म के बीज का विक्रय प्रतिबंधित कर दिया गया है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, इस बीज के यहां पहुंचे लॉट में अंकुरण को लेकर शिकायत है। इसे देखते हुए बीज के विक्रय को प्रतिबंधित किया गया है।

उप संचालक कृषि ने बीज नियंत्रण आदेश 1983 के प्रावधानों के अनुसार प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए यह प्रतिबंध लगाया है। उक्त किस्म के बीज के लॉट नंबर ओसीटी-22-34-42-2-एफ आई का राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा नमूना लिया गया था। इसमें 50 प्रतिशत अंकुरण में कमी पाई गई है। परीक्षण के आधार पर अंकुरण में कमी के कारण बीज अमानक स्तर का पाया गया है।

 


अन्य पोस्ट