बेमेतरा

बिरनपुर में तुष्टीकरण की राजनीति-डॉ. रमन
29-Apr-2023 2:59 PM
बिरनपुर में तुष्टीकरण की राजनीति-डॉ. रमन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 अप्रैल।
बिरनपुर कांड में तुष्टीकरण की राजनीति का इससे बड़ा उदाहरण पूरे देश में देखने को नहीं मिलेगा। मृत भुनेश्वर साहू के पीडि़त परिवार को प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। बिरनपुर को छावनी में तब्दील कर समाज के लोगों को आतंकित किया जा रहा है। पीडि़त परिवार की ओर से 40 लोगों के नाम दिए गए थे, जिसमें से सिर्फ अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। प्रशासन की भेदभाव पूर्ण कार्रवाई का आलम यह है कि चिन्हांकित लोगों को भी गिरफ्तार नहीं किया जा रहा। वहीं दूसरे पक्ष पर दर्जनों प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं, जो तुष्टिकरण की राजनीति को साफ दिखा रहा है। भुनेश्वर साहू का परिवार हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। उक्त बातें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने ग्राम बिरनपुर में पीडि़त परिवार से मुलाकात के दौरान कही। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने दुर्ग रेंज के आईजी आनंद छाबड़ा, कवर्धा एसपी लाल उमेद सिंह, बिलासपुर एएसपी राहुल देव समेत पुलिस के जवान तैनात थे।

एक स्वर में पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की बात कही
बिरनपुर कांड के पीडि़त परिवार से मिलने भाजपा विधायक दल शुक्रवार को बेमेतरा जिला मुख्यालय पहुंचा। भाजपा दल में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहिले, मस्तूरी विधायक कृष्णमूर्ति बांधी, भाटापारा विधायक शिवरतन शर्मा, धमतरी विधायक संजना साहू समेत अन्य विधायक शामिल थे। स्थानीय रेस्ट हाउस में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान सभी भाजपा नेता व पदाधिकारियों ने एक स्वर में भुनेश्वर साहू के पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की बात कही।

रेस्ट हाउस में प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर अनिल बाजपाई, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, बेमेतरा एसडीएम सुरुचि सिंह भाजपा नेताओं को बिरनपुर नहीं जाने की अपील की थी, लेकिन भाजपा नेता पीडि़त परिवार से मिलने को लेकर अड़े रहे और शाम करीब 4 बजे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल ग्राम बिरनपुर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान ग्राम कंतेली में दुर्ग जाने के मुख्य मार्ग पर बेरिकेट्स लगाकर भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को रोक दिया गया। हालांकि भाजपा विधायक दल को जाने दिया गया। बैरिकेट्स लगाकर रोके जाने से भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे और पुलिस से जमकर झूमा झटकी हुई। 

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता बेरिकेट्स तोडक़र बिरनपुर के लिए रवाना हो गए। यहां पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह और भाजपा विधायक दल ने ग्राम बिरनपुर में पीडि़त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी।


अन्य पोस्ट