बेमेतरा

बच्चों के विवाद में दो समुदाय आमने-सामने युवक की मौत, टीआई भी घायल, 11 गिरफ्तार
09-Apr-2023 2:27 PM
बच्चों के विवाद में दो समुदाय आमने-सामने युवक की मौत, टीआई भी घायल, 11 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 अप्रैल।
जिले के साजा ब्लॉक के ग्राम बीरनपुर में शनिवार को दो समुदाय के बीच विवाद हो गया। इसके बाद एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के लोगों पर पत्थरबाजी व चाकूबाजी करने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना में चार ग्रामीण भी घायल हैं।

पथराव के दौरान लोगों को समझाइश दे रहे साजा थाना प्रभारी सीआर ठाकुर हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार साजा अस्पताल में किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा कानून एवं व्यवस्था को देखते हुए क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया गया है। ग्राम बीरमपुर में हुए विवाद के दौरान मृत युवक का नाम भुवनेश्वर साहू (22) बताया जा रहा है। पुलिस ने हमला करने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार साजा ब्लॉक मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर ग्राम शक्तिघाट बीरनपुर में शनिवार की दोपहर दो स्कूली बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद एक बच्चे पर किसी ने बाटल मार दिया। हमला करने की वजह जानने के लिए पहुंचे लोगों से विवाद सुलझ नहीं पाया और बहस के दौरान ही एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर पत्थर से हमला कर दिया।

हमले से घायल हुए ग्राम बिरमपुर निवासी 22 वर्षीय युवक को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र साजा पहुंचाया गया। वहां डाक्टर ने युवक की मौत की पुष्टि की। मृतक का शव पुलिस ने अस्पताल में सुरक्षित रखा है। पथराव व हमले से चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

हमले में जवान घायल
शक्तिघाट बीरनपुर में बवाल होने की सूचना पर मौके पर स्थिति सुधारने साजा थाना प्रभारी ठाकुर व अमले के साथ गांव पहुंचे थे। पुलिस अधिकारी द्वारा लोगों को समझाने व विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा था, तभी पुलिस अधिकारी पर ही हमला हो गया। हमले से घायल थाना प्रभारी को 108 वाहन से साजा के शासकीय अस्पताल में लाकर भर्ती किया गया। हालत देखते हुए पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलिसेला, एएसपी पंकज पटेल, अपर कलेक्टर अनिल कुमार बाजपेयी, साजा एसडीएम वीआर मास्के समेत आला अफसर गांव पहुंचे। स्थिति पर नियंत्रण के लिए कवर्धा जिले से भी बल बुलाया गया।

गांव छावनी में तब्दील
बेमेतरा व कवर्धा जिले से दंगारोधी दल को गांव में तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दोपहर में पहुंची टीम को गांव के चप्पे चप्पे में तैनात कर दिया गया है। पुलिस द्वारा गांव में मार्च किया गया।

पुलिस ने गांव में जाने पर लगाई रोक
गांव की स्थिति को देखते हुए अंदर के सभी पहुंच मार्ग पर बल तैनात किया गया है। गांव में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। गांव के सरकारी भवनों में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी ठहरे हुए हैं। हमला करने वालों की संख्या 11 बताई जा रही है।
कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा ने बताया कि बीरनपुर गांव में स्थिति नियंत्रण में है, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेमेतरा के अलावा राजनांदगांव, दुर्ग व कवर्धा जिले की पुलिस पहुंच गई है। प्रशासनिक व पुलिस विभाग के अधिकारी गांव में मौजूद हैं।

हमला करने वाले 11 गिरफ्तार
पुलिस ने हमला करने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसमें निजामुद्दीन , रसीद खान , मुख्तार , अकबर खान , अब्दुल खान , नवाब खान , अयूब खान , सरीफ खान , बसीर खान , जलील , जनाब खान उपरोक्त में से सभी 11 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन सभी को भादवि की धारा 147 , 148 , 149 , 307 व 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध गिरफ्तार किया गया है।
 


अन्य पोस्ट