बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 31 मार्च। पंचायत सचिव अपने एक सूत्रीय मांग दो वर्ष परिवीक्षा अवधि पश्चात शासकीयकरण को लेकर हड़ताल में बैठे हैं। आज रामनवमी के दिन अवकाश होने के बाद भी सचिव हड़ताल स्थल में डटे रहे। पंचायत सचिवों के हड़ताल में चले जाने से पंचायत में ताला लटका हुआ है।
विदित हो कि पंचायत सचिवों द्वारा विभागीय मंत्री से चर्चा में मांग पूरा करने का आश्वासन मिला था, पर बजट में कुछ भी नहीं किया गया, जिससे हताश होकर सचिवो को हड़ताल में बैठना पड़ा। ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रमौल त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि सचिवों में हड़ताल में जाने से राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विकलांग पेंशन, विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण, गोधन न्याय योजना, वर्मी खाद निर्माण, जन्म मृत्यु पंजीयन, आयुष्मान कार्ड एवं पंचायत से संबंधित सारे काम ठप्प हो गये है। संघ के सह सचिव राजकुमार साहू ने कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल में सभी सचिव डटे रहेंगे। हड़ताल में मुख्य रूप से ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रमोल त्रिपाठी, राजकुमार साहू, लखन लाल, लेख राम साहू, नरेंद्र वर्मा, मोहन वर्मा, अजय वर्मा, ऋषभ तिवारी, निरंजन डेहरे, ओमप्रकाश जोशी, अपेंद्र वर्मा, गनपत यदु, सुनील वर्मा, टिकम वर्मा, शांति लाल बंधे, गोफे लाल बंधे, भारत देवांगन, रुद्र गबेल, अनिल बारमते एवं साथीगण मौजूद रहे।


