बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 30 दिसंबर। भेंट मुलाकात कार्यक्रम में नांदघाट पहुंचने से पहले सीएम भूपेश बघेल को काले झंडे दिखाने के लिए नांदघाट जा रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने नवागढ़ चौक में गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमाझटकी भी हुई। सीएम भूपेश के नांदघाट पहुंचने से पहले भाजपा कार्यकर्ता काला कपड़े के साथ भूपेश सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और तानाशाही का आरोप लगाकर काले झंडे दिखाने के लिए भाजपा जिला महामंत्री विकासधर दीवान के निवास नवागढ़ से नांदघाट के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें नवागढ़ चौक में ही रोक दिया।
नवागढ़ में वर्दीधारियों को देख भाजयुमो कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री अपना वायदा निभाओ या फिर नांदघाट से वापस जाओ के नारे लगाने लगे। यही वजह रही कि अघोषित पुलिस छावनी के रूप में तब्दील चौक के पास काला झंडा थामे भाजपाईयो और वर्दीधारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। चूंकि, यहां पुलिस की तगड़ी व्यवस्था थी, इसलिए भाजपा के 50 से अधिक कार्यकर्ताओं को वर्दीधारियों ने बलपूर्वक बस में डाला और उनको साजा ले जाकर बंद कर दिया। देर शाम के बाद पुलिस ने सभी को बाइज्जत छोड़ भी दिया।
प्रदर्शन कर रहे एससी मोर्चा प्रदेश महामंत्री दयावंत धर बांधे ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने गंगाजल की कसम खाते हुए अपने घोषणा पत्र में युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को लोक लुभावन सौगात देने का वायदा किया था, लेकिन पूरा नहीं किया।
महिला मोर्चा जिला महामंत्री मधु राय ने कहा कि प्रदेश में युवा, महिला, किसान, कर्मचारी अधिकारी सभी पीडि़त है। पंचायत प्रकोष्ठ जिला संयोजक हरिकिशन कुर्रे ने कहा कि प्रदेश सरकार के पास कांग्रेस मुख्यालय भेजने के लिए पैसा है, लेकिन राज्य के बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने के लिए पैसा नहीं। पूर्व नप अध्यक्ष गिरेन्द्र महिलांग ने कहा कि भूपेश बघेल युवाओं से रूबरू होने से डर रहे हैं। जहां-जहां वे जाएंगे वहां वहां उनका विरोध किया जाएगा। पूर्व जनपद सदस्य नेमिराज सोनवानी ने कहा कि पुलिस के पास केवल भूपेश बघेल की ड्यूटी लगाने का ही काम बच गया है। देर शाम तक साजा में बन्दी बनाए भाजपा कार्यकर्ताओं से भेंट करने जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी एवं जिला महामंत्री विकास धर दीवान भी पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना।
प्रदर्शन में एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष देवादास चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष डॉ. जगजीवन खरे, सुरेश साहू, सुरेश निषाद, टीकम गोस्वामी, दुर्जन साहू, गोलू सिन्हा, मनिष सेन, फूलचंद साहू, रितेश मिश्रा, संजू राजपूत, महेश टण्डन, कुलेश्वर सिन्हा, मिथलेश सोनकर, कृष्णा ध्रुव, जितेंद्र मात्रे, धनीराम निर्मलकर, विजय डहरिया, मनहरण केशरवानी, बिनो सोनकर, उत्तरा सोनकर, भागवत सोनकर, राजा, जित्ते, राजू, माणिकलाल बांधे, शिव सोनकर,शंकर सोनकर, शेखर, गोपी सहित कार्यकर्ताओ ने गिरफ्तारी दी।
समर्थकों सहित बीच सडक़ पर बैठे पूर्व मंत्री दयालदास बघेल
मुख्यमंत्री के सभा के पहले विधानसभा से भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी से नाराज पूर्व मंत्री दयालदास बघेल बुधवार को नांदघाट थाना के सामने तंबू गड़ाकर धरने पर बैठ गए। बघेल ने कहा कि आपातकाल लगाने वाली पार्टी का आज देश के क्या हाल है। छग में वही किया जा रहा है बेमेतरा जिले में पहले अफीम, फिर नक्सली फिर ड्रग्स यह बता रहा है कि अपराध बढ़ते क्रम पर है। अब लोगो को घरों से उठाने का रिकार्ड बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पूरे राज्य के है, उन्हें सबको सुनना चाहिए, जनता का आवाज दबाने जो कुछ किया जा रहा है इसका विरोध हर स्तर पर किया जाएगा।


