बेमेतरा

सीएम को काला झंडा दिखाने जा रहे भाजपाई गिरफ्तार
29-Dec-2022 2:27 PM
सीएम को काला झंडा दिखाने जा रहे भाजपाई गिरफ्तार

नवागढ़ के अस्थायी जेल में रखा गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 दिसंबर।
प्रदेश व्यापी भेंट मुलाकात कार्यक्रम के लिए बुधवार को बेमेतरा दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को काला झंडा दिखाने जा रहे भाजपाइयों को पुलिस ने शहर के कोबिया चौक में हिरासत में लिया।
विरोध प्रदर्शन के लिए शहर के पुराना बस स्टैंड में जिलेभर से आए भाजपाई एकत्र होकर पैदल मार्च करते हुए बेरला तिराहा पहुंचे। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर ग्राम रांका कठिया जाने के मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। विरोध प्रदर्शन के लिए रांका कठिया जा रहे भाजपाइयों को पुलिस ने शहर के कोबिया चौक में बैरिकेड लगाकर रोक दिया।

मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने भाजपाइयों को घसीटकर बस में बैठाया और अस्थाई जेल नवागढ़ आत्मानंद स्कूल के आवासीय भवन में ले जाया गया। इस दौरान पुलिस जवानों व भाजपाइयों के बीच जमकर झूमा झटकी हुई। जहां मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद भाजपाइयों को छोड़ा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही वरिष्ठ भाजपा नेत्री संध्या परगनिहा, उपाध्यक्ष जिला पंचायत बेमेतरा अजय तिवारी कहा प्रदेश सरकार कार्यकाल के 4 साल पूर्ण होने के बाद भी युवाओं को 2500 बेरोजगारी भत्ता देने में नाकाम रही है।

इसी प्रकार गंगा जल की सौगंध लेकर शराबबंदी का वादा किया गया था जो आज तक पूरा नहीं किया गया है। यह झूठों की सरकार है।

जनविरोधी नीतियों का खामियाजा
भाजयुमो जिला अध्यक्ष परमेश्वर वर्मा व जिला अध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा दीपेश साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों का खामियाजा आमजनों को भुगतना पड़ रहा है। आलम यह है कि केंद्र सरकार की सारी योजनाएं फंड के अभाव में ठप पड़ी है।
राज्य सरकार योजनाओं में अपना अंश राशि देने में नाकाम रही है। नतीजतन प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन योजना का उचित लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। प्रदेश सरकार की नीतियों का विरोध के लिए आगे भी भाजपाई सडक़ की लड़ाई लड़ेंगे।

पदाधिकारियों ने जाना हालचाल
इस दौरान कार्यकर्ताओं का हालचाल जानने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जोशी, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, जिला महामंत्री विकास धर दीवान, एससी मोर्चा प्रदेश महामंत्री दयावन्त धर बांधे, महिला मोर्चा जिला महामंत्री मधु रॉय, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष देवादास चतुर्वेदी, मण्डल अध्यक्ष चन्द्रपाल साहू, नरेन्द्र शर्मा, बब्बू शुक्ला, नेमिराज सोनवानी, मिन्टू बिसेन, सुरेश निषाद, टीकम गोस्वामी, गोलू सिन्हा सहित पदाधिकारी छात्रावास पहुंचे थे।

इन्होंने दी गिरफ्तारी
धर्मेंद्र साहू युवा मोर्चा शहर मंडल अध्यक्ष, परमेश्वर वर्मा, विकास घरडे, निशा चौबे, योगेश वर्मा, निखिल साहू, तारण सिंह राजपूत, धर्मराज खांडे, साहित्य ठाकुर, गोपी देवांगन, राहुल साहू, अखिलेश लहरें, हर्ष, अमित यादव, रोशन लहरें, लोकनाथ, धनु, ओमेंद्र, ईश्वर साहू, जितेंद्र साहू, परमेश्वर साहू, उमेश यादव, रामेश्वरी साहू, शारदा साहू समेत 28 भाजपाइयों ने गिरफ्तारी दी।


अन्य पोस्ट