बेमेतरा

राज्य सरकार की योजनाओं से गरीबों के घर में हो रहा है अंजोर-भूपेश
29-Dec-2022 2:25 PM
राज्य सरकार की योजनाओं से गरीबों के घर में हो रहा है अंजोर-भूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 दिसंबर।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को बेरला के ग्राम कठिया (रांका) में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से योजनाओं के फीडबैक लिए। इस बीच आनंद गांव की रहने वाली लक्ष्मी बंजारे ने उठकर कहा कि उनके जय स्व-सहायता समूह ने गौठान से जुडक़र वर्मी कंपोस्ट जैविक खाद बनाया। जिसे बेचकर अब तक 10 लाख 14 हजार रुपए की आमदनी हुई है।

समूह में 10 महिला सदस्य हैं, सभी को एक-एक लाख रुपए की कमाई हुई। कहा कि जैविक खाद बेचकर समूह की महिलाएं परिवार और पति को सहयोग कर रही हैं। किसी ने टीवी खरीदी, किसी ने घर बनाने में मदद की, तो किसी ने अपने पति के लिए स्कूटी खरीदी है। इसे सुनकर मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं से गरीब के घर में अंजोर हो रहा है।

कलेक्टर को दिए निर्देश
ग्राम चेटवा निवासी किसान देरहा राम ने सीएम से बताया कि किसान कल्याण के लिए बनाई सभी योजनाएं अच्छी हैं। 2.50 एकड़ की जमीन है, इस पर लिया हुआ कर्ज माफ हो गया। कठिया की रहने वाली यमुना ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनका राशन कार्ड नहीं बना है। अपने मायके में ही आवास और राशन कार्ड बनवाना चाहती हैं। उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री ने पहले जगह में राशन कार्ड में दर्ज नाम को काटकर वर्तमान जगह से जोडऩे के निर्देश कलेक्टर को दिए।

गोबर बेचकर खरीदी पायल
ग्राम रामपुर की रहने वाली शेष कुमारी देवांगन ने बताया कि 37 हजार रुपए का गोबर बेचकर पायल की खरीदी की है। संतोषी पुरैना ने बताया कि उनका राशन कार्ड बना है। चावल, नमक और शक्कर प्रति माह मिलता है। बाजार क्लीनिक योजना के लाभार्थी दीनदयाल साहू ने बताया कि योजना से मुफ्त में उनका अच्छा इलाज हुआ है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि राज्य सरकार की डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना है।

जनपद सदस्य की मांग पर आत्मानंद स्कूल की घोषणा
जनचौपाल कार्यक्रम में रांका-कठिया पहुंचे सीएम ने स्थानीय जनपद सदस्य सिद्दीक खान की मांग पर आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल रांका -कठिया में खोले जाने की घोषणा की है। जनचौपाल कार्यक्रम को समाप्त करने वाले ही थे, उसी समय स्थानीय जनपद सदस्य सिद्दीक रवान ने जनता दीर्घा से मुख्यमंत्री का ध्यान आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल रांका-कठिया में खोलने की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनता से मंतव्य पूछा। सभी ने एक स्वर मे सिद्दीक खान की इस मांग का समर्थन किया, जिस मुख्यमंत्री ने रांका-कठिया मे अंग्रेजी स्कूल खोलने की घोषणा की। अपनी मांग को पूरी होने पर सिद्दीक रवान मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं
भेंट-मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए सीएम ने कई घोषणाएं भी कीं। कहा कि ग्राम पंचायत कुसमी को नगर पंचायत बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कुसमी और रांका कठिया में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने, जेवरा-अर्जुनी-बोरिया मार्ग का उन्नयन एवं नवीनीकरण करने और चौड़ीकरण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति देने की घोषणा भी की। ग्राम रांका- कठिया में सामुदायिक भवन के निर्माण, ग्राम रांका- कठिया में हायर सेकेण्डरी स्कूल के भवन निर्माण और चना घेघरी घाट को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की।

विदेश में बिके जैविक फसल
भेंट-मुलाकात के दौरान किसान खेदूराम ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी 25 एकड़ जमीन है। उन्होंने समर्थन मूल्य पर धान बेचा है।
राजीव गांधी किसान न्याय योजना का लाभ उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे राजीव गांधी किसान न्याय योजना की चौथे किश्त का इंतजार कर रहे हैं। किसान खेदू राम ने बताया कि वह जैविक खेती करते हैं, इसके लिए घर की बाड़ी में ही जैविक खाद बनाते हैं। उनका सपना जैविक फसल को विदेश में बेचने का है।

भेंट मुलाकात कार्यक्रम में हीरा देवी वर्मा, शुभम वर्मा, नवाज मुंशी खान, लुकेश वर्मा, सुनीता देवांगन, नोहर देवांगन, युवराज दुबे, दिलहरण साहू, संतोषी साहू, महेंद्र डेहरे, संतोष टंडन, भुनेश्वरी टंडन, माहेश्वरी साहू, रामकुमार साहू, धनेंद्र साहू, मनोज साहू, महेंद्र साहू, पुनाराम साहू, देवकी साहू, लक्ष्मण साहू, चंपा पात्रे, रामानंद पात्रे, जीवन गायकवाड, रामकिसुन साहू, प्रमोद साहू, सुमन गोस्वामी, राम ठाकुर, अविनाश तिवारी, प्रवीण शर्मा, जावेद खान समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट