बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 नवंबर। अधिकारी द्वारा अनुभाग के धान खरीदी केन्द्र भोईनाभाठा, कुसमी एवं बालसमुंद का निरीक्षण किया गया। प्राथमिक शाला कुसमी एवं आयुष्मान भारत हेल्थ एण्ड वेलनेश सेंटर का भी निरीक्षण किया। भोईनाभाठा में निरीक्षण के समय तक 10 कृषकों से 2260 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी थी।
खरीदे गये धान की कुछ बोरियों का पुन: तौल करने पर सही मात्रा में तौल करना पाया गया। धान की गुणवत्ता परीक्षण हेतु माश्चराईजर मशीन से जांच करने पर 15 प्रतिशत धान में नमी पाई गई। कांटा बाट का नाप तौल विभाग से सत्यापन किया जाना पाया गया। खरीदी केन्द्र में ड्रनेज की व्यवस्था नियमानुसार किया जाना पाया गया तथा गड़बड़ी रोकने हेतु खरीदी केन्द्र में शासकीय भूमि की सूची प्रदर्शित किया जाना पाया गया। खरीदी केन्द्र में किसानो की सुविधा के लिए निर्माणाधीन किसान कुटीर में पेंटिंग का कार्य चल रहा है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने तथा समिति में साफ-सफाई रखे जाने हेतु निर्देश दिया गया।
दिपावाली के बाद से नहीं आया शिक्षक कुमार गौरव
ग्राम कुसमी में प्राथमिक शाला का निरीक्षण कर बच्चों से चर्चा की गई तथा उन्हे दिये जाने वाले मध्यान भोजन के संबंध में पूछताछ की गई। शाला में एक सहायक शिक्षक कुमार गौरव रात्रे जो कि दीपावली त्यौहार के बाद से बिना किसी अवकाश सूचना के शाला में अनुपस्थित पाया गया। जिसके कारण उन्हे कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं अनुपस्थित अवधि का वेतन आहरण नहीं करने हेतु जिला शिक्षा अधिकारी, को निर्देशित किया गया। ग्राम कुसमी में आयुष्मान भारत हेल्थ एण्ड वेलनेश केन्द्र का निरीक्षण किया गया।
इस सेंटर में प्रतिदिन औसतन 40 ओ.पी.डी. तथा प्रति माह 30 डिलीवरी होने की जानकारी चिकित्सा अधिकारी के द्वारा दी गई। सेंटर की समुचित साफ -सफाई रखने का निर्देश दिया गया। अपर कलक्टर अनिल कुमार बाजपयी निरीक्षण के समय नायब तहसीलदार रोशन साहू व नीलम कुमार पिस्दा उपस्थित थे।


