बेमेतरा

छग राज्य बनने का सपना जो हमारे पूर्वजों ने देखा था वो आज साकार हो रहा है-उपाध्याय
03-Nov-2022 2:35 PM
छग राज्य बनने का सपना जो हमारे पूर्वजों ने देखा था वो आज साकार हो रहा है-उपाध्याय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 3 नवंबर।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम राज्योत्सव 2022 का आयोजन जिले के ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में संसदीय सचिव विकास उपध्याय सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम के शुरुआत में संसदीय सचिव उपाध्याय ने जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियो पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। तत्पश्चात् माता सरस्वती एवं छ.ग. महतारी की छायाचित्र पर दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की एवं राजकीय गीत का गायन किया गया। राज्योत्सव के अवसर पर स्कूली छात्र-छात्राओं व जिले के दूरदराज से आये ग्रामीणों द्वारा जनजाति कला व स्थानीय संस्कृति से जुड़े मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर विधायक आशीष कुमार छाबड़ा, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि बंशी पटेल, कलेक्टर जितेन्द्र कुमार शुक्ला, पुलिस अधीक्षक आई कल्याण ऐलीसेला उपस्थित थे।

संसदीय सचिव उपाध्याय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज छग की स्थापना को 22 वर्ष पूरे हो गये। प्रदेश मे लगातार उन्नति व विकास के अवसर खुल रहे हैं इसके लिए उन्होने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार प्रकट किया। उन्होने कहा कि छग राज्य बनने का सपना जो हमारे पूर्वजों, नवजवानों ने देखा था वो आज साकार होते दिखाई दे रहा है यह छत्तीसगढ़ के लिए बढ़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि आज राज्य स्थापना दिवस तो हर जिले मे मनाया जा रहा है। आज बेमेतरा के इस पावन धरा भद्रकाली माता के धाम मे हम सब एकत्रित होकर समारोह को मना रहे हैं।  उपाध्याय ने कहा कि हमारे किसानों को, हमारे मजदूरों को, यहां के उद्योगों को, यहां के युवाओं को आगे बढ़ाने का काम प्रदेश सरकार के योजनाओं के माध्यम से लगातार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री बघेल राज्य के हर क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार गांव, गरीब और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं संचालित कर रही है।

इस अवसर पर विधायक छाबड़ा ने अपने स्वागत उद्बोधन में राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सर्वप्रथम मैं छत्तीसगढ़ के उन पूर्वजों को नमन करता हूं जिन्होने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के लिए निरंतर संर्घष किए। जिनका सपना था कि छग एक अलग राज्य के अस्तित्व मे आये और यहां के जल जंगल एवं जमीन मे उनका अधिकार हो और गांव के हर व्यक्ति तक राज्य शासन की योजना का लाभ मिले। यहां के युवाओं को रोजगार और छ.ग. के स्वाभिमान, सम्मान को बढ़ाने का काम किये हैं। आज गांव के हर व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। उन्होने राजधानी रायपुर मे हुए राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के बारे मे बताते हुए कहा कि यह महोत्सव हमारे छग राज्य की संस्कृति को बिखेरने का कार्य सम्पूर्ण देश-विदेश मे किया है यह छग के लिए गर्व की बात है।

कलेक्टर शुक्ला ने छग राज्य स्थापना दिवस की सबको शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज के दिन 1 नवम्बर को छगराज्य की स्थापना हुई और इसके साथ ही सभी क्षेत्र जैसे-शिक्षा, उद्योग, आधोसंरचना विकास की परिभाषा गढ़ी है। छ.ग. राज्य का हमारा जिला बेमेतरा एक कृषि प्रधान जिला है, और यह छ.ग. के साथ-साथ विकास कर रहा है। हमारा जिला खाद्यान्न उत्पादन मे अव्वल है। शासन की मंशा के अनुरूप ‘‘सबके साथ सबका विकास’’ को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुचायेगी। 


अन्य पोस्ट