बेमेतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 2 नवंबर। शासन की योजना के तहत जिले में कल 123 धान खरीदी केन्द्रो में धान खरीदी किया जाना था जिसमें से केवल 778 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी प्रारंभ हो पाया है। जिले के 45 धान खरीदी केन्द्रो में प्रथम दिन बोहनी तक नहीं हुई है। हालांकि पूर्व में ही 31 धान खरीदी केन्द्रों के संबधित किसानों को कल की तिथि के लिए टोकन जारी नहीं किया गया था। वही 14 समितियो में किसान धान बेचने नहीं आये। जिले में प्रथम दिन 78 समितियों में 223 किसानों से 6338 क्विंटल धान खरीदा गया। जिले के ग्राम जेवरा मेें कलक्टर जितेन्द्र कुमार शुुक्ला द्वारा धान खरीदी का शुभांरभ किया।
जिले में प्रथम दिन जिले के 78 उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी प्रारंभ किया गया। केन्द्रों में 223 किसानों से 6338 क्विटल धान खरीदी गया।कल 32 किसानों ने ई टोकन लेकर धान बेचा। वही 181 किसानों ने समितियों द्वारा जारी किये टोकन से धान बेचा है। जिले में 123 समितियों मेें से 45 समितियों में आज प्रथम दिन धान खरीदी प्रारंभ नहीं हो पाया है जिसकी वजह से किसान धान बेच नहीं पाये । प्रथम दिन खंडसरा, झाल, कन्हेरा, कुरूद, कांपा, बालसमुन्द, कुसमी, सोढ, मावलीभाठा, टकसीवा, आंनदगांव, सरदा, मासूलगोदी, केहका, सिलधट, खुडमुडा, नवागांव कला, हाटरांका, खैरझिटी, परपोडी, भटगांव, पुटपुरा, गांडाडीह, केवतरा, मोहगांव, मोहतरा, सेमरिया, राखी ,देवकर, अकलवारा, देवरबीजा,डगनिया, तेन्दुवा, बीजा, धोटवानी, जिया, पदमी, बसनी, कठिया, किरीतपुर, जंगलपुर, मजगांव व प्रतापपुर धान खरीदी केन्द्रों में टोकन जारी नहीं होने के कारण धान खरीदी प्रारंभ नहीं हो पाया है। किसानों को अब टोकन जारी होने तक इंतजार करना पड़ेगा।
कलेक्टर ने दिये बेहतर व्यवस्था के निर्देश
कलक्टर द्वारा केन्द्रो में समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसानों के लिए उपार्जन केन्द्र में बेहतर से बेहतर व्यवस्था करे ताकि किसानों को अपना धान बेचने में किसी भी प्रकार की समस्या ना हो। उन्होनें समिति को निर्देशित किया कि शासकीय भूमि में खरीदी न हो, औसत अच्छी गुणवत्ता के ही धान की खरीदी हो, धान की सुरक्षा ड्रेनेज एवं तालपतरी की व्यवस्था कर की जावे, पंजीयन संबंधी जो भी त्रुटियां हो तो उसे तत्काल सुधरवाने का कहा गया।
कलक्टर ने तीन धान खरीदी केन्द्रों में खरीदी किया प्रारंभ
कलेक्टर जितेंद्र शुक्ला ने कल धान उपार्जन केन्द्र बेमेतरा, बीजाभाठ, जेवरा में धान तौलकर धान उपार्जन का शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर विधिवत पूजा अर्चना किया एवं कांटा बांट में धान तौलकर धान की खरीदी किया। उन्होंने किसानों को तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया एवं उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर उपस्थित कृषकों से उनके धान के बारें में चर्चा की। पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने कृषकों से उपार्जन केन्द्र में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
कृषकों ने समिति में धान खरीदी की व्यवस्था अच्छा होना बताया। कृषकों को मोबाइल एप ‘‘टोकन तुहर हाथ‘‘ से टोकन घर बैठे टोकन प्राप्त करने के बारे में बताया। उन्होनें किसानों से इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। ताकि उन्हें घर बैठे ही टोकन प्राप्त हो जाये।