बस्तर

सीएम से रूप सिंह मंडावी ने की भेंट
31-Oct-2025 10:15 PM
सीएम से रूप सिंह मंडावी ने की भेंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जगदलपुर, 31 अक्टूबर। राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के नव-नियुक्त अध्यक्ष रूप सिंह मंडावी ने शुक्रवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वन एवं जलवायु, परिवहन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल तथा बसना विधायक संपत अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

जिला बस्तर के फरसागुड़ा निवासी एवं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मंडावी ने कहा कि यह नियुक्ति आदिवासी समुदाय के उत्थान, शिक्षा, स्वावलंबन एवं परंपरागत संस्कृति के संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार की आदिवासी कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि आयोग के माध्यम से अनुसूचित जनजाति समुदाय के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंडावी को बधाई देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से आदिवासी बंधुओं के सशक्तिकरण को नई दिशा और गति मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार की यह प्रतिबद्धता दोहराई कि छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री दयालदास बघेल और विधायक संपत अग्रवाल ने भी मंडावी को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अग्रवाल ने विशेष रूप से आदिवासी संस्कृति के संरक्षण पर बल दिया।

उल्लेखनीय है कि यह नियुक्ति 25 अक्टूबर 2025 को राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के तहत की गई है। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग ने रूप सिंह मंडावी को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह कदम राज्य में अनुसूचित जनजाति समुदाय के अधिकारों की मजबूती के लिए एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।


अन्य पोस्ट