बस्तर
155 जुआरी गिरफ्तार, 2.23 लाख नगद बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 23 अक्टूबर। दीपावली पर्व के मद्देनजऱ बस्तर पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के नेतृत्व में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई।
पुलिस को मुखबिरों एवं अन्य स्रोतों से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 47 प्रकरण दर्ज किए गए और 155 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से कुल 2,23,990 की नगद राशि जब्त की गई है। बस्तर पुलिस के अनुसार दीपावली पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अवैध अथवा समाज विरोधी गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि समाज में शांति और सुरक्षा की भावना बनाए रखने के लिए ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर के बीच चलाया गया था, जिसमें बोधघाट थाना क्षेत्र में जुआ खेलने वाले जुआरियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1लाख 17 हजार ज़ब्त किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बस्तर पुलिस ने इस अभियान में कुल 2 लाख 23 हजार नौ सौ नब्बे रुपये की नकद राशि जब्त की है। श्री नाग ने बताया कि दीपावली के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुए और सट्टे पर प्रभावी नियंत्रण करना ज़रूरी था। बस्तर पुलिस की यह पहल जिले में अपराध-मुक्त और शांतिपूर्ण समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


