बस्तर

दशहरा उत्सव 2 को ही, अफ़वाहों पर रोक
28-Sep-2025 10:02 PM
दशहरा उत्सव 2 को ही, अफ़वाहों पर रोक

 55 फीट रावण दहन और भव्य मेला की तैयारियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 28 सितंबर। दशहरा पर्व की तारीख को लेकर फैली अफ़वाहों पर अब विराम लग गया है। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति ने साफ कर दिया है कि रावण दहन कार्यक्रम 2 अक्टूबर को ही आयोजित होगा। समिति ने बताया कि पहले से ही यह तारीख घोषित की गई थी और इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। दरअसल, सोशल मीडिया में अफवाह फैल रहा था कि 2 के बजाय 3 को मैदान में दशहरा उत्सव मनाया जाएगा।

मैदान में नहीं लगेगा नॉनवेज स्टॉल

समिति के सचिव महेंद्र कुमार साहू ने जानकारी दी कि दशहरा उत्सव का आयोजन केंद्रीय विद्यालय मैदान में भव्य स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 55 फीट ऊँचे रावण पुतले का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही आकर्षक आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की गई है। मैदान में विशाल मेले का भी आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय लोगों के लिए विविध स्टॉल लगाए जाएंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस होने के कारण दशहरे के मैदान में किसी भी प्रकार का मांसाहारी या नॉनवेज भोजन का स्टॉल नहीं लगाया जाएगा। बरसात के वजह से अगर कुछ परिवर्तन होता है तो उसकी जानकारी मुनादी करके दी जाएगी।

समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफ़वाहों पर ध्यान न दें और परिवार सहित उत्सव का आनंद लेने 2 अक्टूबर को केंद्रीय विद्यालय मैदान में अवश्य पहुँचे।  

मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्ण राव ने कहा कि मैदान के अंदर हो या  बाहर उस दिन शुष्क दिवस है तो खुले या सार्वजनिक स्थान पर नॉनवेज स्टॉल नहीं लगेगा, अगर कोई लगाता है तो उसे पर कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट