बस्तर

भाजपा युवा मोर्चा की संभागीय बैठक में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर,13 सितंबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा भाजयुमो की महत्वपूर्ण संभागीय बैठक शनिवार को पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार, टाउन हॉल में आयोजित हुई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव व प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में नवनियुक्त भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया को बधाई दी गई और साथ ही बस्तर अंचल के सात जिलों से आए कार्यकर्ताओं को आगामी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने अपने संबोधन में कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ हैं, जो भविष्य में संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने 17 सितम्बर से आरंभ हो रहे राष्ट्रीय व प्रदेश स्तरीय सेवा पखवाड़े के अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, जनस्वास्थ्य शिविर, मैराथन दौड़ जैसे कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
भाजपा महामंत्री संगठन पवन साय ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्य महत्वपूर्ण है और युवा शक्ति राष्ट्र का भविष्य तय करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा का प्रचार-प्रसार करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने की अपील की।
नवनियुक्त भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेशभर के युवा मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता संगठन को सशक्त बनाने हेतु एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने जनता से जुडऩे और अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोडऩे का संकल्प लिया। साथ ही संगठन के शीर्ष नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
संभागीय बैठक का संचालन पूर्वी जगदलपुर मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने किया। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पाण्डेय, बेवरेज कार्पोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, पूर्व संगठन मंत्री विधान चंद्र कर, महापौर संजय पाण्डेय, सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।