बस्तर

जगदलपुर, 12 सितंबर। शुक्रवार को एनएच -16 पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
जनपद पंचायत तोकापाल के बेडागड़ा पंचायत भवन के सामने स्थित एनएच -16 पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगीता कश्यप पति उदय कश्यप निवासी खंडियापाल अपने ससुराल जा रही थीं। तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 13 एडी 2745 ने उनकी स्कूटी संख्या सीजी 17 केएफ 9889 को पीछे से ठोकर मारकर घसीटे हुए ले गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि संगीता कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई।
आसपास मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर उसे सुमित पेट्रोल पंप के पास दबोच लिया। इसके बाद ट्रक चालक को पुलिस थाना परपा के हवाले कर दिया गया। इस घटना के समय पास में दुर्गा चंदा ले रहे थे, जिन्होंने बताया कि हादसा बेहद तेज गति से हुआ था।
ग्रामीणों का कहना है कि एनएच -16 पर वाहन गति इतनी अधिक हो गई है कि रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी उन्हें अपनी जान को जोखिम में डालना पड़ता है। खासकर यह स्थान बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बेहद खतरनाक हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि तत्काल ब्रेकर्स लगाकर इस मार्ग पर गाडिय़ों की रफ्तार को नियंत्रित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।