बलरामपुर

यूपी बॉर्डर से धान खपाने की कोशिश नाकाम
24-Nov-2026 11:28 PM
यूपी बॉर्डर से धान खपाने की कोशिश नाकाम

63 बोरी धान, पिकअप जब्त, चालक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 24 नवंबर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान दूसरे राज्यों का धान जिले में खपाने की कोशिशों पर प्रशासन लगातार शिकंजा कस रहा है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश सीमा से लगे चुनापत्थर मार्ग पर अवैध धान परिवहन की एक और कोशिश को प्रशासनिक टीम ने नाकाम कर दिया। कार्रवाई के दौरान 63 बोरी धान से लदी पिकअप वाहन को जब्त किया गया, जबकि चालक वाहन छोडक़र सलवाही के जंगल में भाग निकला।

जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश सीमा की ओर से चुनापत्थर मार्ग के रास्ते पिकअप वाहन में धान लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रशासन की दो उडऩदस्ता टीमें सक्रिय हो गईं। वाहन को किसी भी रास्ते से निकलने से रोकने के लिए दोनों टीमों ने अलग-अलग मार्गों पर घेराबंदी की।

एक टीम का नेतृत्व जनपद पंचायत सीईओ  रणवीर साय ने किया, जबकि दूसरी टीम में तहसीलदार  आई.सी. यादव और मंडी सचिव  वीरेंद्र ठाकुर अपनी टीम के साथ शामिल रहे। दोनों ओर से पीछा करते हुए टीमों ने पिकअप को घेर लिया। खुद को घिरा देख चालक वाहन छोडक़र सलवाही के जंगल की ओर भाग गया।

इसके बाद टीम ने पिकअप की तलाशी ली, जिसमें 63 बोरी धान बरामद हुआ। वाहन को धान सहित डिंडो थाना के सुपुर्द कर दिया गया है। फरार चालक के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अवैध धान परिवहन पर होगी सख्त कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का लाभ केवल जिले के वास्तविक किसानों को मिले, इसके लिए सीमावर्ती मार्गों पर उडऩदस्ता टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। बाहरी राज्यों से धान लाकर जिले में खपाने वाले कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ वाहन जब्ती सहित कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध धान परिवहन की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और वास्तविक किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


अन्य पोस्ट