बलरामपुर

भीख मांगने के बहाने रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत दो बंदी
24-Nov-2026 11:13 PM
भीख मांगने के बहाने रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत दो बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 24 नवंबर। बलंगी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली से आकर भीख मांगने के बहाने घरों की रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना शुक्ला बसोर (56) और उसके साथी राजकुमार बसोर को गिरफ्तार कर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 1,29,745 रुपये का सामान बरामद किया है।

मामले में ग्राम मझौली निवासी धिरेंद्र कुमार पाठक (44) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 मई 2026 की रात करीब 1.30 बजे तीन नकाबपोश बदमाश दरवाजे की कुंडी तोडक़र उनके घर में घुस आए। आहट सुनकर जागने पर उन्होंने एक आरोपी को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया और फरार हो गया। बदमाश घर से करीब 91,616 रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए थे।

जांच के दौरान पुलिस को मध्यप्रदेश के बरगवां (सिंगरौली) निवासी आदतन अपराधी शुक्ला बसोर और उसके गिरोह की संलिप्तता का पता चला। 22 नवंबर को पुलिस ने बरगवां में घेराबंदी कर शुक्ला बसोर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने साथी राजकुमार बसोर और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी के कुछ जेवर पंजाब में एक अज्ञात व्यक्ति को बेच दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने ग्राम बहरापान, थाना बैढऩ (सिंगरौली) से राजकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपये नकद, सोने के दो लॉकेट, सोने का एक जवाहर, चांदी की पाजेब, पायल और कान की बाली सहित वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में बलंगी पुलिस चौकी और साइबर सेल की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट