बलरामपुर
बरियों के परसवारकला में हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 30 सितंबर। वन परिक्षेत्र राजपुर के उप परिक्षेत्र बरियों अंतर्गत ग्राम परसवारकला (बडख़ापारा) में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान 53 वर्षीय सुटरूंग कौशिक, पिता गोहन्दुल कौशिक के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात करीब 7.05 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सुटरूंग कौशिक पारिवारिक विवाद के बाद शराब के नशे में अपनी पुत्री के घर जा रहे थे। इसी दौरान महान नदी पार कर आ रहे कबरा नामक जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाथी ग्राम रेवतपुर की ओर होते हुए जंगल की तरफ चला गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के निगरानी दल ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। रात होने के कारण बुधवार सुबह पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम किया। चिकित्सकों की टीम ने मौके पर ही शव का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
परिजनों को तत्काल 25 हजार की सहायता
वन विभाग ने मृतक के वैध उत्तराधिकारी एवं उनकी पत्नी कुलेश्वरी कौशिक को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। विभाग के अनुसार आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी। इस दौरान उप वनमंडलाधिकारी रविशंकर श्रीवास्तव, राजपुर वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा सहित वन विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों की गतिविधियों की जानकारी गज संकेत ऐप और स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से साझा की जा रही है। वन अमला और हाथी मित्र दल लगातार क्षेत्र में निगरानी एवं गश्त कर रहे हैं। विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय पगडंडी या सुनसान रास्तों पर आवागमन से बचने, हाथियों की मौजूदगी में भीड़ नहीं जुटाने और जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है। हाथी दिखाई देने पर उसे छेडऩे या उसके करीब जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने कहा गया है।