बलरामपुर

शिक्षक हत्याकांड: 2 चचेरे भाई बंदी
21-Jul-2026 7:00 PM
शिक्षक हत्याकांड: 2 चचेरे भाई बंदी

हथौड़ा-चाकू बरामद

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजपुर/बलरामपुर, 21 जुलाई।
बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र में शिक्षक की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

घटना सोमवार को उस समय हुई थी, जब शिक्षक जयकरण जगते स्कूल जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। रास्ते में उनके चचेरे भाइयों ने कथित रूप से जमीन विवाद को लेकर उन्हें रोककर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।

पुलिस के अनुसार, मृतक के छोटे भाई जय सिंह जगते निवासी राधानगर (चितामांदा पारा) की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि परिवार का हरिमोहन जगते से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को जयकरण जगते जब धमनी स्थित स्कूल पढ़ाने जा रहे थे, तभी हरिमोहन जगते और बृजमोहन जगते ने बथान के पास उनका रास्ता रोक लिया। दोनों आरोपियों ने उन्हें सड़क किनारे ले जाकर जानलेवा हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।

प्रकरण में थाना त्रिकुंडा पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथौड़ा और चाकू बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजमोहन जगते और हरिमोहन जगते, दोनों निवासी ग्राम राधानगर, थाना त्रिकुंडा के रूप में हुई है। मंगलवार को दोनों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय रामानुजगंज में पेश किया गया।

उल्लेखनीय है कि घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी थी, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


अन्य पोस्ट