बलरामपुर
मानदेय वृद्धि, भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने सहित कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 9 जुलाई। शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामानुजगंज में गुरुवार को जनभागीदारी प्रबंधन समिति की बैठक समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महाविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अधोसंरचनात्मक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनाई गई।
बैठक में जनभागीदारी कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, अवकाश व्यवस्था, कर्मचारियों की सेवाएं यथावत रखने, आवश्यकता के अनुसार नई नियुक्तियां, जनभागीदारी निधि से विकास कार्य, प्रवेश शुल्क के पुनर्निर्धारण, वाणिज्य एवं बीसीए विभाग के लिए अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति तथा पीजीडीसीए और डीसीए पाठ्यक्रमों के एकीकरण जैसे प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही महाविद्यालय की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के मुद्दे पर भी सहमति बनी।
बैठक के बाद एसडीएम आनंद नेताम एवं तहसीलदार मनोज पैकरा ने महाविद्यालय परिसर एवं भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने, अधोसंरचना विकास और नए भवन निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में महाविद्यालय की प्राचार्या एवं समिति सचिव डॉ. रोज लिली बड़ा, सांसद प्रतिनिधि डॉ. रमेश गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता, रमेश खैरवार, एस.बी. यादव तथा समिति के सदस्य पवन गुप्ता, अनुप गुप्ता, मुकेश केशरी, टी.आर. शर्मा, रश्मि गुप्ता, तारावती सिंह, शिवपद शिकदार, आकाश तिवारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में समिति अध्यक्ष विकास गुप्ता ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय के विकास कार्यों में निरंतर सहयोग की अपेक्षा जताई।