बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज, 9 जुलाई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज अंतरराज्यीय नाके पर कृषि उपज मंडी प्रशासन ने जांच के दौरान मसूर दाल से लदे एक ट्रक पर कार्रवाई करते हुए नियमानुसार पांच गुना मंडी शुल्क के रूप में 93 हजार रुपये की वसूली की।
मंडी प्रशासन के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीजेड 7165 रायपुर से छपरा (बिहार) जा रहा था। जांच के दौरान ट्रक में 390 पैकेट (प्रत्येक 30 किलोग्राम) मसूर दाल, 176 बोरी मसूर खड़ा दाल तथा अन्य सामग्री पाई गई।
दस्तावेजों की जांच के दौरान वाहन चालक कृषि उपज मंडी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक को अंतरराज्यीय नाके पर रोककर नियमानुसार जांच की गई।
मंडी सचिव राम आर. पोर्ते ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत पांच गुना मंडी शुल्क के रूप में 93 हजार रुपये की वसूली की गई। निर्धारित राशि मंडी समिति के खाते में जमा करा दी गई है।उन्होंने बताया कि अंतरराज्यीय नाकों पर कृषि उपज के परिवहन की नियमित जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।