बलरामपुर

सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे 20 पंचायतों के ग्रामीण, 373 आवेदन मिले
22-May-2026 11:04 PM
सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे 20 पंचायतों के ग्रामीण, 373 आवेदन मिले

 पट्टा दिलाने के नाम पर 20 हजार लेने का आरोप, एसडीएम ने जांच के दिए निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 22 मई। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ‘गांव-गांव, द्वार-द्वार जनसमस्या निवारण शिविर’ के तहत गुरुवार को विकासखंड राजपुर के ग्राम अलखडीहा में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 20 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। शिविर में कुल 373 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 11 शिकायत एवं 350 मांग संबंधी आवेदन शामिल रहे। इनमें से 12 आवेदनों का निराकरण शिविर स्थल पर ही किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने की। जनपद उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर के दौरान ग्राम करवां निवासी रामसुंदर राम ने मंच पर शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि शासकीय भूमि का पट्टा दिलाने के नाम पर हल्का नंबर 04 की पटवारी ने उनसे 20 हजार रुपए लिए हैं। इस पर जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मरावी ने मंच से ही संबंधित पटवारी एवं ग्रामीण को बुलाकर पूछताछ की। ग्रामीण ने पैसे देने की बात दोहराई, जबकि पटवारी ने आरोपों से इनकार किया। मामले को गंभीर मानते हुए एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि निजी भूमि पर पौधारोपण करने के इच्छुक लोग विभाग में पंजीयन कराकर निशुल्क पौधे प्राप्त कर सकते हैं। वहीं पंजीयन विभाग ने भी अलग स्टॉल लगाकर योजनाओं एवं पंजीयन संबंधी जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव ने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या, वनाधिकार पट्टा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ हल किया जाएगा।

जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत ने कहा कि भूमि स्वामी पट्टा संबंधी समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन से समन्वय कर किया जाएगा। उन्होंने श्रम विभाग में पंजीयन कराने के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए कहा कि पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न हितग्राही योजनाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु वालों को 500 रुपए एवं 80 वर्ष से अधिक आयु वालों को 650 रुपए वृद्धावस्था पेंशन दी जाती है।

जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मरावी ने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर है और अधिकारी-जनप्रतिनिधि जनता की सेवा के लिए तत्पर हैं।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जंगवंशी यादव, उपसरपंच संतीश सिंह, अनिल तिवारी, उदय यादव, राजेश यादव, एसडीएम देवेंद्र प्रधान, सीईओ संजय दुबे, एसडीओ जानूराम सोनवानी, योगेश नागेश, महेंद्र सांडिल्य, लेखपाल श्यामलाल गुप्ता, पंचायत निरीक्षक फूलमोहन राम, सचिव नरेंद्र जायसवाल, कृष्णानंद तिवारी, अगस्तुस टोप्पो, दिलीप जायसवाल, सुनील तिवारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

सचिव को हटाने की मांग भी पहुंची शिविर में

अलखडीहा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में एक आवेदन ग्राम पंचायत महंगाई में पदस्थ सचिव देवनाथ पांडेय को हटाने की मांग को लेकर भी प्राप्त हुआ। आवेदन में बिना कारण सचिव को हटाने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने पंचायत में नवल साय एवं डब्लू एक्का के नाम भी प्रस्तावित किए हैं।


अन्य पोस्ट