बलरामपुर

हाथियों के हमले में ग्रामीण की मौत
05-Oct-2025 8:58 PM
हाथियों के हमले में ग्रामीण की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर,5 अक्टूबर। बलरामपुर जिले के मदनपुर गांव के पास चटनियां जंगल में शनिवार की दोपहर हाथियों  के हमले में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सोहन गोंड़ (60 वर्ष), पिता सुखन गोंड़, ग्राम मुरकोल निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन के घर मदनपुर में रह रहा था और मवेशी चराने जंगल गया था, जहां हाथी से सामना हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो हाथियों का जोड़ा पिछले कुछ दिनों से वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र के जंगलों में विचरण कर रहा है। शनिवार को जब सोहन अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में मवेशी चरा रहा था, तभी हाथियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में सोहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।

सूचना मिलते ही महेवा सर्किल अंतर्गत वाड्रफनगर रेंज की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची। रेंजर रामनारायण राम के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों का यह जोड़ा इलाके में सक्रिय है और न केवल लोगों की जान को खतरा है, बल्कि हाथी धान की फसलों को भी भारी नुकसान पहुँचा रहे हैं।

कम से कम 2-3 गांव के लोग हाथी के आतंक से बेहद परेशान हैं।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और हाथियों की गतिविधियों की जानकारी तुरंत विभाग को दें। साथ ही हाथियों को भगाने और उन्हें जंगल की ओर लौटाने के प्रयास किए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट