बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,3 अक्टूबर। विजयदशमी और शारदीय नवरात्र का समापन रामानुजगंज नगर में धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। नगर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में देवी प्रतिमाओं का विसर्जन बड़े उत्साह और जयकारों के बीच सम्पन्न हुआ। विसर्जन शोभायात्राएँ नगर की गलियों से होकर गुजऱीं, जिनमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्तों ने ‘जय माता दी’ के गगनभेदी नारों के साथ देवी प्रतिमाओं को विदा किया।
शाम को लगभग 7 बजे हाई स्कूल ग्राउंड में सागर मोती फाउंडेशन के तत्वावधान में 65 फीट ऊंचे रावण दहन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशाल मैदान में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी उपस्थित रहे। आतिशबाज़ी और गगनभेदी घोष के बीच रावण दहन का दृश्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। यह कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के निर्देशन में सम्पन्न हुआ, जिसमें सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से की गई थीं।
इसी प्रकार नगर के पीपल चौक दुर्गा पूजा समिति और नवयुवक संघ द्वारा भी रावण दहन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कनहर नदी किनारे स्थित राम मंदिर प्रांगण में हुआ, जहाँ भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। यहाँ भी रावण दहन के उपरांत लोगों ने एक-दूसरे को विजयदशमी की शुभकामनाएँ दीं और बुराई पर अच्छाई की विजय का संकल्प दोहराया।
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। पुलिस बल लगातार तैनात रहा और प्रत्येक स्थल पर शांति एवं अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।
विजयदशमी पर्व पर नगरवासियों ने न केवल रावण दहन का साक्षी बनकर बुराई पर अच्छाई की परंपरा को जीवंत किया, बल्कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के माध्यम से नवरात्र के समापन को भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। दिनभर चले इन आयोजनों में नगरवासियों की उमड़ी भीड़ ने यह साबित किया कि पर्व-त्योहार समाज को एकजुट करने और सकारात्मक संदेश देने का अवसर होते हैं।
समाजसेवी संस्था सागर मोती फाउंडेशन द्वारा नगर के हाई स्कूल मैदान में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आर के पटेल, आरएसएस के पूर्व जिला संघ चालक सुभाष जायसवाल राजेंद्र अग्रवाल बद्री यादव शीला जायसवाल आदि उपस्तिथि थे।
इस दौरान बालक रूप में मंच पर विराजमान भगवान श्री राम दरबार की जीवंत झांकी के साथ परमशान्ति धाम पेंड्रारोड से पहुंचे स्वामी परमात्मानंद महाराज के हाथों राम दरबार की झांकी, मां दुर्गा के पूजन के साथ-साथ शक्ति के प्रतीक शस्त्र का पूजन भी किया गया और भव्य आतिशबाजी, भजन संध्या और धार्मिक प्रवचनों के बीच रावण पुतला दहन का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। महामंडलेश्वर स्वामी परमात्मानंद गिरी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊंचाई एवं भव्यता प्रदान की। 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन कर असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के संयोजक नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि विगत कई वर्षों से यह आयोजन नगरवासियों के सहयोग से सागर मोती फाउंडेशन के तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। उन्होंने भारी जनसमूह की उपस्थिति को ऐतिहासिक बताते हुए सभी को शक्ति उपासना एवं विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान प्रमुख रूप से सुभाष केसरी, विमलेश सिन्हा, रमाशंकर दूबे, अजय केशरी, अजय गुप्ता नप, सृष्टि नारायण सिंह, प्रमोद कश्यप, महेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, मुकेश जायसवाल, राजेश सोनी, सुमित गुप्ता, विजय रावत, विकास गुप्ता, अर्जुन दास, अनूप कश्यप, अशोक कश्यप, अंकित गुप्ता, बहादुर सिंह, मोहन ठाकुर, रामाशीष मेहता, पंकज गुप्ता, निशांत गुप्ता, आशीष गुप्ता ,आकाश कश्यप, अजय पाठक, रघुनंदन रवि, कल्याण मंडल, दीपक बैद, रामध्यान गुप्ता, विपुल सिंह सहित बड़ी संख्या में नगरवासी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


