बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,28 सितंबर। अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर जन चेतना कल्याण मंच ने एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया। मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में 51 बच्चियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया गया और उन्हें उपहार भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाना था। विकास दुबे ने इस अवसर पर कहा, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि यह हर व्यक्ति के भीतर एक जज्बा और संकल्प होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियां सिर्फ घर की नहीं, बल्कि समाज और देश की भी शान हैं, और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढऩे का अवसर मिलना चाहिए।
इस भावुक और प्रेरणादायक पहल को स्थानीय लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और सभी ने बेटियों के सम्मान में मंच की इस पहल को सराहनीय बताया।इस आयोजन के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक संदेश देने की कोशिश की गई कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि गौरव हैं।


