बलरामपुर

जनता ने निकाय चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई- नेताम
18-Feb-2025 10:47 PM
जनता ने निकाय चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई- नेताम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज, 18 फरवरी। नगर पालिका रामानुजगंज के चुनाव में भाजपा के नगर पालिका अध्यक्ष के उम्मीदवार रमन अग्रवाल सहित 12 पार्षदों की ऐतिहासिक जीत के बाद क्षेत्रीय विधायक एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम के प्रथम रामानुजगंज आगमन पर नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में नवनिर्वाचित 12 पार्षदों एवं नगर वासियों के द्वारा भव्य आतिशबाजी एवं फूलमालाओं के साथ स्वागत किया गया।

 इस दौरान श्री नेताम ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन करते हुए नगरवासियों का आभार माना, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास करते हुए ऐतिहासिक मतों से नगर पालिका अध्यक्ष एवं पार्षदों को जीत दिलाई।

   इस अवसर पर कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाई है। यह जीत भारतीय जनता पार्टी की केंद्र की सरकार एवं राज्य की सरकार के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद जन भावनाओं के अनुरूप विकास कार्य हो रहे हैं।

 उन्होंने कहा कि रामानुजगंज में ऐतिहासिक जीत दिलाने का कार्य नगर की जनता ने किया है। आप सब ने जिस विश्वास के साथ हमारे उम्मीदवारों को जीत दिलाई है, हमारे सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधि उसमें खरे उतरेंगे। नगर में विकास कार्यों की कमी नहीं होने दी जाएगी।

लगातार तीसरी बार सत्ता संभाल रहे नव निर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं हमारे क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम विचार नेताम के द्वारा नगर पंचायत रामानुजगंज को नगर पालिका बनाया गया, इसके बाद चुनाव हुआ। यह जीत नगर वासियों की भारतीय जनता पार्टी के प्रति विश्वास को दर्शाती है। भारतीय जनता पार्टी ने नगर पंचायत से नगर पालिका बनाया है, भारतीय जनता पार्टी ही इसे सवारेगी।

इस दौरान भाजपा नेता कन्हैया लाल अग्रवाल मंडल अध्यक्ष सीताराम गुप्ता, पूर्व पार्षद राजेश सोनी, नव निर्वाचित पार्षद सुमित गुप्ता, सुरेश पूरी, अरुण नागवंशी, विजय रावत, विकास गुप्ता, अर्जुन दास, रमेश गुप्ता, पवन गुप्ता, मनीषी अजीत गुप्ता, शीला मुकेश जायसवाल, उषा राजेंद्र गुप्ता, सिद्धांत यादव सहित अनूप कश्यप, पप्पू केशरी, महेश अग्रवाल, अमित गुप्ता, अर्पित जायसवाल, राकेश सोनी, ललन पासवान, रामानुज ठाकुर, चंदन गुप्ता, उदय पूरी, बद्री यादव, कृष्णा पासवान, विनोद राहगीर, संदीप शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट